दुर्गा पूजा को लेकर नालंदा प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीएम-एसपी ने दिए सख्त निर्देश

0
WhatsApp Image 2026-10-02 at 5.53.24 AM

पंडालों के लाइसेंस, जुलूस मार्ग और विसर्जन स्थलों का होगा पूर्व सत्यापन; महिलाओं-बच्चों की सुरक्षा पर विशेष जोर

बिहारशरीफ। आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर नालंदा जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी उदिता सिंह एवं पुलिस अधीक्षक हृदयकांत की संयुक्त अध्यक्षता में पूजा की तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में डीएम-एसपी ने सभी एसडीओ, एसडीपीओ एवं पुलिस पदाधिकारियों को पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सभी पूजा पंडालों के लाइसेंस निर्गमन तथा जुलूस मार्गों का समय पर सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा गया। बेहतर समन्वय के लिए प्रत्येक पंडाल के साथ पदाधिकारियों की टैगिंग तथा पूजा समितियों के सहयोग से स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

श्रद्धालुओं, खासकर महिलाओं और बच्चों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पंडालों में अलग प्रवेश और निकास द्वार, पर्याप्त रोशनी, सीसीटीवी निगरानी तथा सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विसर्जन स्थलों पर समतलीकरण, बैरिकेडिंग, प्रकाश एवं सुरक्षा व्यवस्था का एसडीओ और एसडीपीओ द्वारा स्वयं स्थल निरीक्षण कर पूर्व सत्यापन करने को कहा गया।

संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ेगी गश्ती

जिलाधिकारी ने पूजा के प्रारंभ से लेकर विसर्जन की समाप्ति तक प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को पूरी सजगता, संवेदनशीलता और सक्रियता के साथ दायित्व निभाने का निर्देश दिया। उन्होंने सघन वाहन चेकिंग, शराबबंदी की प्रभावी निगरानी तथा प्रमुख स्थलों पर फ्लैग मार्च कराने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने पूजा पंडालों और मेला परिसरों में महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा डिजिटल एवं सोशल मीडिया की लगातार निगरानी करने को कहा। किसी भी प्रकार की भ्रामक, तथ्यहीन या अपुष्ट सूचना के प्रसार पर प्रभावी रोक लगाने और सही एवं तथ्यात्मक जानकारी समय पर साझा करने के निर्देश दिए गए।

डार्क एरिया में पर्याप्त रोशनी और फायर सेफ्टी पर जोर

पुलिस अधीक्षक हृदयकांत ने अधिकारियों को पंडालों एवं प्रमुख मार्गों के आसपास चिन्हित डार्क एरिया में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सघन वाहन चेकिंग चलाने और तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर प्रभावी नियंत्रण रखने को कहा।

एसपी ने पंडाल परिसरों में फायर एक्सटिंग्विशर एवं दमकल की गाड़ियों को हर समय कार्यशील और तत्पर रखने के निर्देश भी दिए। संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्ती और पूजा समितियों के साथ बेहतर समन्वय के माध्यम से शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने पर भी बल दिया गया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *