नालंदा में पब्लिक हेल्थ प्रोग्राम के क्रियान्वयन को लेकर बैठक, 13 विद्यालयों में ‘आयुर्विद्या’ और एक गांव में ‘आयुष ग्राम’ योजना लागू होगी

0
IMG-20260228-WA0068

बिहार शरीफ, नालंदा। राज्य आयुष समिति, स्वास्थ्य विभाग, बिहार सरकार, पटना के निर्देश एवं जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार के मार्गदर्शन में पब्लिक हेल्थ प्रोग्राम के क्रियान्वयन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त शुभम कुमार ने की।

बैठक में बताया गया कि जिले के 13 विद्यालयों में 6 से 18 वर्ष तक के बच्चों के लिए ‘आयुर्विद्या’ कार्यक्रम तथा एक चयनित गांव में ‘आयुष ग्राम’ कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने, आयुष चिकित्सकों का रोस्टर तैयार करने तथा चिन्हित स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया। संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर पब्लिक हेल्थ प्रोग्राम को प्रभावी ढंग से लागू करने पर बल दिया गया।

‘आयुर्विद्या’ कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालयों में आयुष आधारित स्वास्थ्य जीवनशैली को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके तहत विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच, विकास की निगरानी तथा आहार, नींद और शारीरिक मुद्रा से संबंधित जीवनशैली शिक्षा प्रदान की जाएगी। साथ ही छात्रों और शिक्षकों के लिए योग, मानसिक स्वास्थ्य प्रबंधन और सामुदायिक सहभागिता से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

वहीं ‘आयुष ग्राम’ योजना के तहत चयनित गांव में आयुष चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। योग, पोषण तथा हर्बल गार्डन के संबंध में जानकारी दी जाएगी और सामुदायिक स्तर पर जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा।

बैठक में कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल विकास परियोजना, पंचायती राज एवं अन्य विभागों के बीच समन्वय और सक्रिय सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया गया। जिला देशी चिकित्सा पदाधिकारी को कार्यक्रम के संचालन में अपेक्षित सहयोग प्रदान करने का निर्देश सभी संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।

इस अवसर पर जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस), जिला स्वास्थ्य समिति के प्रतिनिधि, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *