राजगीर में दो लोगों की पीट-पीटकर हत्या पर लोजपा नेता ने जताया आक्रोश, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग
बिहारशरीफ/राजगीर। नालंदा जिले के राजगीर मलमास मेला क्षेत्र में दो लोगों की पीट-पीटकर हत्या किए जाने की घटना के बाद इलाके में अब भी आक्रोश व्याप्त है। मृतकों के परिजन मंगलवार को शवों को लेकर विरोध-प्रदर्शन और हंगामे की तैयारी में थे। इसी बीच पुलिस को इसकी सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर अंतिम संस्कार के लिए रवाना कर दिया।
इधर, लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के नेता सत्येंद्र मुकुट ने घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि मलमास मेला जैसे धार्मिक आयोजन के दौरान दो लोगों को चोर बताकर पीट-पीटकर हत्या कर देना बेहद दुखद और चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि यदि घटनास्थल पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल मौजूद रहता तो शायद इस तरह की घटना नहीं होती। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि घटना में शामिल सभी दोषियों की पहचान कर 24 घंटे के भीतर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
सत्येंद्र मुकुट ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई और कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की होगी।
बाइट : सत्येंद्र मुकुट, लोजपा नेता
