नालंदा में NDA की सभा में गूंजा ‘जय निशांत’ का नारा, मुख्यमंत्री बनाने की उठी मांग

0
WhatsApp Image 2026-10-13 at 6.11.05 PM

नीरज कुमार और नवल किशोर यादव के समर्थन में जुटे दिग्गज नेता, संजय सरावगी ने गिनाईं विकास की उपलब्धियां

बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव को लेकर NDA ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को बिहारशरीफ स्थित श्रम कल्याण केंद्र मैदान में आयोजित चुनावी सभा में गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं ने स्नातक सीट से प्रत्याशी नीरज कुमार और शिक्षक सीट से नवल किशोर यादव को भारी बहुमत से विजयी बनाने की अपील की। सभा के दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के समर्थन में ‘जय निशांत’ के नारे गूंजे। कार्यकर्ताओं ने उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की मांग भी उठाई।

सभा को संबोधित करते हुए निशांत कुमार ने अपने पिता नीतीश कुमार के शासनकाल की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में सुशासन, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की नींव रखी है। उन्होंने मतदाताओं से दो दशक पहले के बिहार और वर्तमान स्थिति की तुलना करते हुए विकास कार्यों के आधार पर मतदान करने की अपील की। साथ ही NDA प्रत्याशियों के पक्ष में समर्थन मांगा।

जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार ने निशांत कुमार के समर्थन में उठ रहे नारों का जिक्र करते हुए कहा कि नालंदा के लोगों का उन पर भरोसा है। उन्होंने निशांत कुमार से नीतीश कुमार के विचारों को आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई। विरोधियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनकी राजनीतिक पहचान नीतीश कुमार की विचारधारा से जुड़ी है। उन्होंने ‘N फॉर्मूले’ का उल्लेख करते हुए नीतीश कुमार, निशांत कुमार और नीरज कुमार को एक मजबूत राजनीतिक कड़ी बताया।

नीरज कुमार ने नवादा की सभा में भी बिना नाम लिए जदयू विधायक अनंत सिंह पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि उनके पास बाहुबल नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं का बल और नैतिक बल है, जिसके दम पर वे चुनाव जीतेंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि नालंदा ज्ञान की ऐतिहासिक भूमि है और यहां से शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं की एकजुटता का संदेश जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 में बिहार का बजट लगभग 23 हजार करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर करीब 3.47 लाख करोड़ रुपये हो गया है। उनके मुताबिक, प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि के साथ राज्य में मेडिकल कॉलेजों, पॉलिटेक्निक और आईटीआई संस्थानों का भी विस्तार हुआ है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का दावा करते हुए दोनों NDA प्रत्याशियों को जिताने की अपील की।

जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने पुराने शासनकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में शिक्षा और तकनीकी विकास को बढ़ावा मिला है। उन्होंने विकास की गति बनाए रखने के लिए NDA प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

सभा में उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी, मंत्री निशांत कुमार, श्रवण कुमार, प्रमोद चंद्रवंशी, दीपक प्रकाश, लोजपा (रामविलास) सांसद अरुण भारती, बिहारशरीफ विधायक डॉ. सुनील कुमार, सांसद कौशलेंद्र कुमार, रीना यादव, हरि नारायण सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश कुमार, जदयू जिला अध्यक्ष मोहम्मद अरशद, लोजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र मुकुट, जदयू प्रबक्ता भवानी सिंह हम’ की संजू देवी और रालोसपा की सोनी कुशवाहा सहित NDA के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *