राजगीर में होंगे भारत–न्यूज़ीलैंड के अंतरराष्ट्रीय रग्बी मुकाबले, मैत्री के 100 वर्ष पूरे होने पर नवंबर– दिसंबर में आयोजन, अप्रैल में सीनियर नेशनल चैंपियनशिप का आयोजन

0
IMG-20260117-WA0067

नालंदा । भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच मैत्री संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बिहार के ऐतिहासिक शहर राजगीर में अंतरराष्ट्रीय रग्बी मैचों का आयोजन किया जाएगा। यह मुकाबले आगामी नवंबर और दिसंबर 2026 में राजगीर स्थित राज्य खेल अकादमी में खेले जाएंगे। आयोजन माननीय प्रधानमंत्री एवं माननीय मुख्यमंत्री, बिहार की पहल पर किया जा रहा है।

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि इन मुकाबलों में भारत और न्यूज़ीलैंड की अंडर-20 महिला एवं पुरुष रग्बी टीमें भाग लेंगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन राज्य के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा। दिसंबर में क्रिसमस अवकाश से पहले भारतीय टीम दो अतिरिक्त मैत्री मुकाबलों के लिए न्यूज़ीलैंड का दौरा भी करेगी।

इसी क्रम में इंडियन रग्बी फेडरेशन के अध्यक्ष राहुल बोस हाल ही में पटना पहुंचे, जहां उन्होंने खेल मंत्री श्रेयशी सिंह, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत तथा बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण से मुलाकात कर आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक के दौरान राहुल बोस ने अप्रैल माह में राजगीर खेल अकादमी में सीनियर महिला एवं पुरुष रग्बी नेशनल चैंपियनशिप आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा, जिस पर सकारात्मक सहमति बनी।

1001187482

भारत–न्यूज़ीलैंड रग्बी मुकाबलों का आयोजन केंद्रीय युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय, खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, रग्बी एसोसिएशन ऑफ इंडिया, इंडियन रग्बी फेडरेशन यूनियन तथा न्यूज़ीलैंड रग्बी फेडरेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया जाएगा। आयोजन से दोनों देशों के बीच मैत्री संबंधों को और मजबूती मिलेगी।

खेल विशेषज्ञों का मानना है कि इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन से बिहार में रग्बी खेल को नई पहचान मिलेगी और स्थानीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुद को साबित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही राजगीर को खेल पर्यटन के नक्शे पर भी मजबूती मिलेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *