नालंदा उद्यान महाविद्यालय में कौशल विकास प्रशिक्षण का उद्घाटन, प्राचार्य व कृषि वैज्ञानिकों ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ

0
IMG-20260207-WA0098

जिला संवाददाता, नालंदा, रानी सिन्हा की रिपोर्ट, नूरसराय (नालंदा)। नालंदा उद्यान महाविद्यालय में शनिवार को युवा रोजगार व कौशल विकास मिशन के अंतर्गत बिहार कौशल विकास मिशन के तत्वावधान में संचालित डोमेन स्किलिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणधीर कुमार, कृषि वैज्ञानिक डॉ. सी.एस. आजाद, डॉ. संतोष चौधरी एवं डॉ. नीरू कुमारी ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. रणधीर कुमार ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि कौशल ही सफलता की कुंजी है। यदि युवा हुनरमंद होंगे तो उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से दो माह के आवासीय प्रशिक्षण को ईमानदारी और लगन से पूरा करने की अपील की। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के बाद मिलने वाला प्रमाणपत्र देश-विदेश में रोजगार के अवसर प्रदान करने में सहायक होगा।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान बेमौसम सब्जियों की खेती, पॉलीहाउस व नेट हाउस तकनीक, पुष्पविज्ञान तथा नर्सरी प्रबंधन की जानकारी दी जाएगी। इन तकनीकों को अपनाकर युवा स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने बताया कि बिहार में फूलों की आपूर्ति अन्य राज्यों, विशेषकर पश्चिम बंगाल से होती है, जबकि स्थानीय स्तर पर फूलों की खेती कर कम लागत में अधिक मुनाफा कमाया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य डॉ. रणधीर कुमार ने 100 प्रशिक्षुओं को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस मौके पर कृषि वैज्ञानिक डॉ. अजित कुमार, डॉ. सचिन, नीरज कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं प्रशिक्षु उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *