दुर्गापूजा को लेकर हिलसा में फ्लैग मार्च, असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी

0
WhatsApp Image 2026-10-13 at 6.57.55 PM

एसडीओ अमित कुमार पटेल और एसडीपीओ सुनील कुमार के नेतृत्व में निकला मार्च, डीजे पर प्रतिबंध और सोशल मीडिया पर रहेगी कड़ी निगरानी

हिलसा (नालंदा), 13 अक्टूबर 2026। आगामी दुर्गापूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, भयमुक्त और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को हिलसा नगर में अनुमंडल प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला गया। इसका नेतृत्व अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार पटेल एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुनील कुमार ने संयुक्त रूप से किया। फ्लैग मार्च के माध्यम से आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया, वहीं असामाजिक तत्वों को पर्व के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

फ्लैग मार्च में प्रखंड विकास पदाधिकारी चंदन कुमार, अंचलाधिकारी रूपम शर्मा, राजस्व अधिकारी सुभाष कुमार, अपर थानाध्यक्ष राकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी, सशस्त्र बल और क्यूआरटी (QRT) के जवान शामिल हुए।

फ्लैग मार्च हिलसा थाना परिसर से शुरू होकर सिनेमा मोड़, योगीपुर मोड़, स्टेशन रोड, बिहारी रोड, काली स्थान सहित नगर के प्रमुख मार्गों और चिह्नित संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। इस दौरान अधिकारियों ने पैदल भ्रमण कर स्थानीय नागरिकों, व्यवसायियों और पूजा समितियों के सदस्यों से संवाद किया तथा शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

डीजे बजाने पर होगी सख्त कार्रवाई

अनुमंडल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पूजा पंडालों, वाहनों और विसर्जन जुलूस में डीजे का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने पर डीजे जब्त करने के साथ आयोजक और संचालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। प्रशासन ने सभी पूजा समितियों से नियमों का पालन करने और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार ही कार्यक्रम आयोजित करने की अपील की है।

असामाजिक तत्वों और उपद्रवियों पर रहेगी नजर

पर्व के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वाले उपद्रवियों, मनचलों और शराब के नशे में हंगामा करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के अनुसार, ऐसे तत्वों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126 एवं 135 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की पैनी नजर

प्रशासन ने सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट, भड़काऊ वीडियो और अफवाह फैलाने वालों को कड़ी चेतावनी दी है। ऐसे मामलों पर 24 घंटे तकनीकी निगरानी रखी जा रही है। अफवाह फैलाकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने या विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

निर्धारित रूट और समय पर होगा विसर्जन

सभी पूजा समितियों को निर्देश दिया गया है कि प्रतिमा विसर्जन निर्धारित पारंपरिक मार्ग और आवंटित समय-सीमा के भीतर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करें। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे पर्व के दौरान आपसी भाईचारा, शांति और सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें।

अनुमंडल प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दुर्गापूजा एवं दशहरा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। पर्व में खलल डालने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *