नालंदा में गोलीबारी, युवक को लगी चार गोलियां, महिला भी घायल: मछली मारने के विवाद में हिंसा, आरोपी फरार

0
golibari

नालंदा (बिहार): जिले के मानपुर थाना क्षेत्र स्थित भोजपुर गांव में गुरुवार शाम मछली मारने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान हुई गोलीबारी में एक युवक और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान संजीत कुमार (पुत्र अवधेश प्रसाद) और फुलवा देवी (पुत्री किशोर यादव) के रूप में हुई है।

चार गोलियां लगने से युवक गंभीर

घायल संजीत कुमार ने अस्पताल में पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसके बड़े भाई के तालाब में कुछ लोग जबरन मछली मार रहे थे। जब इसका विरोध किया गया तो बदमाशों ने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। उसी दौरान संजीत जब गांव की ओर जा रहा था, तभी आरोपियों ने उसे घेरकर गोलीबारी शुरू कर दी। संजीत को सीने में एक, बाएं हाथ में दो और दाहिने हाथ में एक गोली लगी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

महिला को पैर में लगी गोली

घटना में घायल फुलवा देवी के परिजनों ने बताया कि उनकी निजी जमीन से कुछ लोग जबरन बालू उठा रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो गांव के ही बदमाशों ने गोली चला दी। जिससे फुलवा देवी के पैर में गोली लग गई।

पुलिस कर रही छानबीन, आरोपियों की तलाश जारी

मानपुर थाना अध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि तालाब से मछली मारने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद गोलीबारी की घटना सामने आई है। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस घायल संजीत कुमार का फर्द बयान लेने की प्रक्रिया भी पूरी कर रही है।

ग्रामीणों में दहशत का माहौल, इलाके में तनाव

इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में गश्त बढ़ा दी है। अधिकारी ने कहा कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *