मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एम्स, पटना का किया निरीक्षण, विस्तार के लिए 24 एकड़ भूमि देने की घोषणा
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को एम्स, पटना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, निर्माण कार्यों एवं भविष्य की विकास योजनाओं की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि एम्स, पटना के विस्तार के लिए राज्य सरकार जल्द ही 24 एकड़ भूमि उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि बर्न मरीजों के बेहतर उपचार के लिए स्किन स्टोरेज (स्किन बैंक) की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि गंभीर रूप से झुलसे मरीजों को समय पर आधुनिक चिकित्सा सुविधा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को एम्स, पटना से नाथूपुर तक प्रस्तावित चार-लेन सड़क के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण पूरा होने से मरीजों, चिकित्सकों एवं आम लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने एम्स परिसर स्थित तालाब के जीर्णोद्धार का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि तालाब का सौंदर्यीकरण कर उसे पर्यटन एवं आकर्षण के केंद्र के रूप में विकसित किया जाए, जिससे अस्पताल परिसर का वातावरण और अधिक बेहतर हो सके।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार राज्य में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार तथा आधुनिक चिकित्सा अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि एम्स, पटना के समग्र विकास और विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए बिहार सरकार हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।
