वेना स्टेशन पर दो ट्रेनों के ठहराव की उठी मांग, सांसद कौशलेंद्र कुमार से मिला प्रतिनिधिमंडल
फास्ट मेमू और राजगीर जनता एक्सप्रेस के स्टॉपेज के साथ रिजर्वेशन काउंटर खोलने की भी मांग, सांसद ने दिया सकारात्मक पहल का आश्वासन
नालंदा जिले के वेना रेलवे स्टेशन पर दो महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव और रिजर्वेशन काउंटर की सुविधा शुरू कराने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। इसी क्रम में वेना बाजार निवासी धर्मेंद्र कुमार ने नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार से मुलाकात कर स्टेशन की समस्याओं से अवगत कराया तथा यात्रियों की सुविधा को देखते हुए 63273/63274 फास्ट मेमू और 13201/13202 राजगीर जनता एक्सप्रेस का वेना स्टेशन पर नियमित ठहराव सुनिश्चित कराने की मांग की।
धर्मेंद्र कुमार ने सांसद को बताया कि वेना रेलवे स्टेशन क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण और काफी पुराना स्टेशन है। यहां आसपास के दर्जनों गांवों के हजारों लोग प्रतिदिन रेल यात्रा के लिए पहुंचते हैं। स्टेशन पर माल गोदाम भी उपलब्ध है, जिससे इसकी उपयोगिता और बढ़ जाती है। इसके बावजूद कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का यहां ठहराव नहीं होने से यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि यदि फास्ट मेमू और राजगीर जनता एक्सप्रेस का वेना स्टेशन पर ठहराव शुरू हो जाता है, तो स्थानीय लोगों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों तथा धार्मिक स्थलों पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र की रेल संपर्क व्यवस्था भी मजबूत होगी और यात्रियों का समय एवं खर्च दोनों की बचत होगी।
धर्मेंद्र कुमार ने यह भी बताया कि वेना स्टेशन पर रिजर्वेशन काउंटर की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इस कारण यात्रियों को आरक्षित टिकट बनवाने के लिए हरनौत या बिहारशरीफ तक कई किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पूर्व में भी सांसद को आवेदन देकर रिजर्वेशन काउंटर शुरू कराने की मांग की जा चुकी है। यदि स्टेशन पर आरक्षण सुविधा उपलब्ध हो जाए तो हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि वेना स्टेशन पर पहले से श्रमजीवी एक्सप्रेस सहित कुछ महत्वपूर्ण एक्सप्रेस एवं इंटरसिटी ट्रेनों का ठहराव होता है। ऐसे में फास्ट मेमू और राजगीर जनता एक्सप्रेस का भी ठहराव शुरू किया जाना यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग है।
मुलाकात के दौरान सांसद कौशलेंद्र कुमार ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना और रेलवे मंत्रालय के समक्ष इस विषय को प्रमुखता से उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा से जुड़े मामलों को प्राथमिकता दी जाएगी तथा वेना स्टेशन के विकास और आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के लिए सकारात्मक पहल की जाएगी।
सांसद के आश्वासन के बाद क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही वेना स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव और रिजर्वेशन काउंटर की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे आसपास के दर्जनों गांवों के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिल सकेगा।
