72 घंटे में दीपनगर डकैती कांड का खुलासा, चार अपराधी गिरफ्तार

0
IMG-20260806-WA0036

लाखों के जेवरात, ₹16.43 लाख नकद, हथियार व कारतूस बरामद; अन्य आरोपियों की तलाश जारी

बिहारशरीफ। नालंदा पुलिस ने दीपनगर थाना क्षेत्र के चर्चित डकैती कांड का महज 72 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, भारी मात्रा में नकद, आग्नेयास्त्र, जिंदा कारतूस तथा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने पूरे मामले का खुलासा किया।

एसपी ने बताया कि 3 अगस्त 2026 की रात करीब एक बजे दीपनगर थाना क्षेत्र के देवीसराय निवासी राजीव रंजन के घर 10 से 12 हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद दीपनगर थाना कांड संख्या 435/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 310(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज करते हुए अनुसंधान शुरू किया गया।

घटना के त्वरित उद्भेदन एवं लूटी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर-1 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमरनाथ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। मानवीय, वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस टीम ने झारखंड के जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर-साहेबगंज रोड स्थित जुम्मन मोड़ के समीप एक चाय दुकान से चार संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान सभी ने डकैती की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपनगर थाना क्षेत्र के श्यामनगर गांव निवासी अजीत सिंह, संजीव सिंह, विदु कुमार तथा आदित्य कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 450 ग्राम सोने के आभूषण, लगभग 7 किलोग्राम चांदी के आभूषण, डायमंड एवं प्लेटिनम के जेवर, चांदी से निर्मित दो हाथी, एक चांदी की ईंट, लड्डू गोपाल की चांदी की मूर्ति, 16 लाख 43 हजार रुपये नकद, दो देसी पिस्टल, 7.65 एमएम की 11 जिंदा गोलियां, 315 बोर की 5 जिंदा गोलियां तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस डकैती कांड में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इस सफल कार्रवाई में सदर-1 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमरनाथ, दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार, जिला आसूचना इकाई के प्रभारी आलोक कुमार, बिहार थाना के थानाध्यक्ष सम्राट दीपक, लहेरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक सहित जिला आसूचना इकाई, दीपनगर, बिहार एवं लहेरी थाना के कई पुलिस पदाधिकारियों, सिपाहियों एवं चालक सिपाहियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की सराहना करते हुए उनके कार्य की प्रशंसा की।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *