हरनौत नगर पंचायत के पांच वार्डों में लगा सहयोग शिविर, 20 मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन

0
IMG-20260722-WA0006

हरनौत नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में मंगलवार को आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से शुरू हुए इस शिविर में स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पेयजल, साफ-सफाई, नाली, सड़क, स्ट्रीट लाइट, राशन, पेंशन सहित अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। शिविर के दौरान 20 मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया।
नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सौरव सुमन ने बताया कि बिहार सरकार के निर्देश पर नगरवासियों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सहयोग शिविर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
उन्होंने बताया कि नगर पंचायत के वार्ड संख्या 15, 16, 17, 18 एवं 19 में अलग-अलग स्थानों पर शिविर लगाए गए। इनमें एक निजी मैरिज हॉल, रूपसपुर देवी स्थान, प्राथमिक विद्यालय नियामतपुर तथा चेरन सहित अन्य निर्धारित स्थलों पर लोगों की शिकायतें सुनी गईं और संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा उनका निस्तारण किया गया।
शिविर में मुख्य पार्षद प्रतिनिधि धीरज कुमार उर्फ पल्लू सिंह, उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि सुरेश सिंह, संबंधित वार्डों के वार्ड पार्षद एवं उनके प्रतिनिधि सहित नगर पंचायत के कर्मी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
नगर पंचायत प्रशासन ने बताया कि इस तरह के सहयोग शिविर आगे भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और अधिक से अधिक शिकायतों का निपटारा स्थानीय स्तर पर ही किया जा सके।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *