पंचायत सरकार भवन बनेंगे मिनी सचिवालय, हर पंचायत में मिलेगी सरकारी सुविधाएं : मंत्री दीपक प्रकाश
बिहारशरीफ (नालंदा)। बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने शुक्रबार को बिहारशरीफ सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में जिले में चल रही विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार प्रत्येक पंचायत सरकार भवन को ‘मिनी सचिवालय’ के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को अधिकतम सरकारी सेवाएं पंचायत स्तर पर ही उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें प्रखंड या जिला मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।
मंत्री ने बताया कि नालंदा जिले की 227 पंचायतों में से 134 पंचायत सरकार भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है और वे संचालित हैं, जबकि 87 भवनों का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। पंचायत सरकार भवनों को डिजिटल सेवा केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। अब तक 51 पंचायतों में पोस्ट ऑफिस की सुविधा शुरू की जा चुकी है, जबकि जल्द ही आधार केंद्र भी शुरू किए जाएंगे। इसके लिए कार्यपालक सहायकों को प्रशिक्षण देकर प्रमाणित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पंचायत सरकार भवनों तक पहुंचने वाली एप्रोच रोड से जुड़ी कुछ समस्याएं सामने आई हैं। ऐसे स्थानों की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर सड़क निर्माण एवं मरम्मत कराई जाएगी।
मंत्री ने बताया कि जिले में 32,900 सोलर स्ट्रीट लाइटों के लक्ष्य के विरुद्ध 32,710 लाइटें लगाई जा चुकी हैं। शेष कार्य इसी माह पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा 24 पंचायतों में कन्या विवाह मंडप के निर्माण को स्वीकृति दी गई है, जबकि 115 स्थलों को मोक्ष धाम के रूप में विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा आयोजित ‘सहयोग शिविर’ के माध्यम से प्राप्त 753 आवेदनों में से 711 मामलों का निष्पादन किया जा चुका है, जो सरकार की त्वरित एवं जनहितकारी कार्यशैली को दर्शाता है।
आगामी पंचायत चुनाव को लेकर मंत्री ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस बार छह पदों के चुनाव के लिए मल्टी-पोस्ट ईवीएम का उपयोग किया जाएगा, जिससे चुनाव प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुगम होगी। उन्होंने यह भी बताया कि 10 वर्ष बाद आरक्षण रोस्टर में बदलाव किया जाएगा।
16वें वित्त आयोग की सिफारिशों का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि पंचायतों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार का अतिरिक्त आर्थिक बोझ आम जनता पर नहीं डाला जाएगा तथा बिहार के हितों को केंद्र सरकार के समक्ष मजबूती से रखा गया है। उन्होंने पंचायतों को मिलने वाली केंद्रीय सहायता राशि में वृद्धि का भी उल्लेख किया।
प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री दीपक प्रकाश ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एनडीए की जीत का दावा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा किए गए विकास कार्यों के आधार पर जनता एक बार फिर एनडीए के पक्ष में मतदान करेगी।
इस अवसर पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा के जिलाध्यक्ष सोनू कुशवाहा सहित पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
