बिंद में कांग्रेस का प्रखंड स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित, संगठन मजबूत करने पर जोर
बिंद (नालंदा)। नालंदा जिले के बिंद प्रखंड में रविवार को अतिपिछड़ा विकास मंच के बैनर तले कांग्रेस का प्रखंड स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सोनू कुमार ने की। सम्मेलन में संगठन के विस्तार, अतिपिछड़ा समाज के अधिकारों, सामाजिक न्याय और राजनीतिक भागीदारी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान कई नए कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता भी ग्रहण की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शेखपुरा जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रभात कुमार चंद्रवंशी, राष्ट्रीय ओबीसी कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. अनिल जयहिंद, ईबीसी कांग्रेस बिहार के प्रदेश अध्यक्ष शशि भूषण पंडित, अधिवक्ता देवेंद्र राम चंद्रवंशी, सीताराम सिंह चंद्रवंशी, महेंद्र राम चंद्रवंशी सहित कई कांग्रेस नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व जिलाध्यक्ष प्रभात कुमार चंद्रवंशी ने कहा कि पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने के उद्देश्य से प्रखंड स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बिहार सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि नालंदा सहित कई जिलों में हत्या, लूट और डकैती जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि अतिपिछड़ा समाज पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं और सरकार उनकी सुरक्षा एवं अधिकारों की रक्षा करने में असफल रही है।
राष्ट्रीय ओबीसी कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. अनिल जयहिंद ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में अतिपिछड़ा समाज को संगठित कर उन्हें राजनीतिक रूप से मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
वही युवा नेता सोनू कुमार ने लोगों से अपील की की सभी अति पिछड़ा समाज एकजुट हो और समाज को मजबूत करें।
सम्मेलन में वक्ताओं ने संगठन को मजबूत करने, अधिक से अधिक लोगों को कांग्रेस से जोड़ने तथा सामाजिक न्याय के मुद्दों पर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने पर बल दिया। कार्यक्रम के अंत में संगठन की मजबूती के लिए सभी कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।
