भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी का कतरीसराय प्रखंड कार्यालय पर धरना, 9 सूत्री मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

0
IMG-20260226-WA0086

प्रेम सिंघानिया की रिपोर्ट,

कतरीसराय (नालंदा)। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी अंचल कमेटी कतरीसराय की ओर से प्रखंड सह अंचल कार्यालय के समक्ष जनसवालों को लेकर धरना कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. मनोज कुमार ने की।

धरने को संबोधित करते हुए पार्टी के जिला सचिव राजकिशोर प्रसाद ने कहा कि आम जनता से जुड़े मुद्दों की अनदेखी की जा रही है, जिसके खिलाफ पार्टी चरणबद्ध आंदोलन चलाएगी। वहीं बिहार राज्य कम्युनिस्ट पार्टी के कंट्रोल कमीशन सदस्य कामरेड सत्येंद्र कृष्ण उर्फ चुनचुन सिंह ने केंद्र सरकार पर किसान, मजदूर, छात्र, नौजवान एवं कर्मचारी विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संवैधानिक मूल्यों की अनदेखी की जा रही है तथा केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप भी लगाया।

डॉ. मनोज कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि मजदूरों से जुड़े 29 पुराने कानूनों को समाप्त कर चार लेबर कोड में बदल दिया गया है, जिससे श्रमिक अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नए प्रावधानों से काम के घंटे बढ़ाए गए हैं तथा हड़ताल और विरोध प्रदर्शन पर पाबंदियां लगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी इन मुद्दों को लेकर देशव्यापी आंदोलन तेज करेगी।

कार्यक्रम को नवेंदु झा, विकास कुमार, डॉ. अभिषेक, महेश्वरी प्रसाद सिंह, अमरेंद्र प्रताप, राहुल कुमार, श्याम किशोर प्रसाद, सुभाष चंद्र, दिनेश सिंह सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।

धरना के बाद पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड विकास पदाधिकारी से मुलाकात कर 9 सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। प्रमुख मांगों में सभी गरीबों को 5 डिसमिल जमीन एवं पक्का मकान देने, पात्र लोगों का राशन कार्ड अविलंब बनाने, किसानों के म्यूटेशन मामलों का एक सप्ताह के भीतर निष्पादन करने, चर्चित छात्रा हत्याकांड का शीघ्र खुलासा करने, किसानों का बिजली बिल माफ करने तथा खाद-बीज सस्ते दर पर उपलब्ध कराने की मांग शामिल थी।

पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *