नालंदा के सात प्रखंडों में बनेंगे बस स्टॉप, सड़क सुरक्षा के तहत 13.32 लाख रुपये स्वीकृतडीएम ने मार्च 2026 तक निर्माण कार्य पूरा करने का दिया निर्देश

0
IMG-20260209-WA0041

शंकर कुमार सिन्हा की रिपोर्ट

बिहारशरीफ (नालंदा)। राज्य परिवहन विभाग, बिहार के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नालंदा जिले के विभिन्न प्रखंडों में बस स्टॉप (बस ठहराव) का निर्माण कराया जाएगा। इस योजना के तहत जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार ने चयनित सात प्रखंडों के लिए कुल 13,32,100 रुपये की राशि स्वीकृत करते हुए संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने का निर्देश दिया है।

जिला प्रशासन द्वारा भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित होने के बाद हिलसा, अस्थावां, कतरी सराय, सिलाव, कराय परसुराय, बिहारशरीफ एवं रहुई प्रखंडों में बस ठहराव निर्माण के लिए प्रति स्थल 30×20 वर्गफीट गैरमजरूआ/परती भूमि चिन्हित की गई है। प्रत्येक स्थल के लिए 1,90,300 रुपये की राशि आवंटित की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हिलसा प्रखंड के मौजा कामता, अस्थावां के मौजा नोआवा, कतरीसराय के मौजा कतरीसराय, सिलाव के मौजा सिलाव, कराय परसुराय के मौजा पकड़ी, बिहारशरीफ के मौजा हरगांवा तथा रहुई के मौजा बरांदी में बस ठहराव का निर्माण किया जाएगा।

जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि बस स्टॉप निर्माण कार्य नियमानुसार अविलंब प्रारंभ कर मार्च 2026 तक हर हाल में पूरा किया जाए। निर्माण स्थल पर दिशा-निर्देशों के अनुरूप सूचना संबंधी मेटल/प्रस्तर बोर्ड भी लगाया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं समयबद्ध प्रगति के लिए कार्यकारी एजेंसी पूर्ण रूप से जिम्मेदार होगी। साथ ही एजेंसी को कार्य प्रारंभ होने से पूर्व, निर्माण के दौरान तथा कार्य पूर्ण होने के बाद रंगीन फोटोग्राफ की अभिप्रमाणित प्रति जिला परिवहन कार्यालय, नालंदा को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

प्रशासन का मानना है कि बस स्टॉप निर्माण से यात्रियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ठहराव की सुविधा मिलेगी तथा सड़क सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर होगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *