मुहर्रम को लेकर बिहारशरीफ में तीन दिनों तक रहेगा विशेष ट्रैफिक प्लान, भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक

0
IMG-20260626-WA0031

बिहारशरीफ, संवाददाता। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए अनुमंडल प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने बिहारशरीफ शहर में 25 जून से 27 जून 2026 तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ), बिहारशरीफ एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ)-1 की ओर से संयुक्त आदेश जारी किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, पर्व के दौरान शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी तथा विभिन्न मार्गों पर यातायात का संचालन वैकल्पिक मार्गों से कराया जाएगा। बरबीघा, अस्थावां, रहुई, बख्तियारपुर और राजगीर की ओर से आने वाली बसों, ट्रकों, मिनी बसों, ट्रैक्टरों तथा अन्य व्यावसायिक चारपहिया वाहनों को शहर के भीतर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। इन वाहनों को बाईपास एवं निर्धारित मार्गों से होकर गंतव्य तक भेजा जाएगा।

आदेश के अनुसार, सोहसराय मोड़ से एतवारी बाजार, अस्पताल चौक, भरावपर, लहेरी थाना, गगनदीवान, सोगरा कॉलेज मोड़ से बड़ी दरगाह तक सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। इसी प्रकार खंदक मोड़, नवाब रोड, पुलपर, नाजो मॉल, महिला कॉलेज, कुमार सिनेमा, कटरा टीओपी, खचिया गली सहित शहर के कई संवेदनशील मार्गों पर भी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा।

पटना, नवादा और अन्य जिलों से आने वाली सरकारी बसों के लिए कारगिल बस स्टैंड को अस्थायी बस स्टैंड बनाया गया है। सभी सरकारी बसें बाईपास मार्ग से कारगिल बस स्टैंड तक आएंगी और वहीं से वापस जाएंगी। पर्व के दौरान बिहारशरीफ स्थित मुख्य सरकारी बस स्टैंड में किसी भी सरकारी बस का परिचालन नहीं होगा।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन ने शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में नौ अस्थायी पार्किंग स्थल और 18 बैरियर (बैरिकेडिंग प्वाइंट) भी चिन्हित किए हैं। इन स्थानों पर वाहनों की पार्किंग और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था रहेगी।

प्रखंड विकास पदाधिकारी, बिहारशरीफ को सभी चिन्हित स्थलों पर बैरिकेडिंग एवं पार्किंग संबंधी सूचना बोर्ड लगाने का निर्देश दिया गया है। इस कार्य में अंचलाधिकारी एवं संबंधित थानाध्यक्ष सहयोग करेंगे।

पुलिस अधीक्षक, नालंदा से 25 से 27 जून तक सभी बैरियर एवं पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने का अनुरोध किया गया है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आदेश का सख्ती से पालन कराया जा सके।

प्रशासन ने सभी वाहन चालकों एवं आम लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित ट्रैफिक प्लान का पालन करें तथा पर्व के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर प्रशासन का सहयोग करें। इससे मुहर्रम जुलूस के दौरान विधि-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहायता मिलेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *