हरनौत के सादिकपुर में अशोक कुमार ने दुर्गा पूजा समिति को दान की 5 कट्ठा जमीन, भव्य मंदिर निर्माण का रास्ता हुआ साफ

0
IMG-20260225-WA0045

राकेश पासवान की रिपोर्ट,

हरनौत (नालंदा)। हरनौत प्रखंड के पचौरा पंचायत अंतर्गत सादिकपुर गांव निवासी स्वर्गीय सिद्धेश्वर प्रसाद के पुत्र अशोक कुमार उर्फ मुन्ना कुमार (सोनू कुमार) ने अपनी निजी संपत्ति से 5 कट्ठा जमीन दुर्गा पूजा समिति के नाम दान कर दी है। इस संबंध में गांव में दर्जनों ग्रामीणों की उपस्थिति में बैठक कर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।

अशोक कुमार ने बताया कि प्रगतिशील नवयुवक बाल मंडली श्री दुर्गा पूजा समिति द्वारा सादिकपुर गांव में कई वर्षों से मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-पाठ एवं मेला का आयोजन किया जाता है। भूमि कम होने के कारण पंडाल निर्माण और श्रद्धालुओं के आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या को देखते हुए उन्होंने गांव स्थित देवी स्थान मंदिर के पास लगभग 5 कट्ठा जमीन समिति के नाम स्वेच्छा से लिखित रूप में दान कर दी।

उन्होंने अमीन को बुलाकर जमीन की नापी कराई और ग्रामीणों की मौजूदगी में विधिवत हस्ताक्षर के साथ जमीन समिति को सौंप दी। इस अवसर पर पचौरा पंचायत के मुखिया रामप्रवेश पासवान, सदन राउत, धनंजय प्रसाद, वाल्मीकि प्रसाद, राजू राम, राकेश कुमार, संतोष कुमार, कारू राम, मनोज, नवीन, सुरेश, मोहन, चंद्रमणि, महेश समेत दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे।

मौके पर मौजूद सदन राउत ने बताया कि प्रगतिशील नवयुवक बाल मंडली श्री दुर्गा पूजा समिति की स्थापना वर्ष 1972 में हुई थी। तब से लगातार क्षेत्रवासियों और पंचायत प्रतिनिधियों के सहयोग से दुर्गा मां की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की जाती रही है।

ग्रामीणों ने कहा कि दुर्गा पूजा समिति के नाम 5 कट्ठा जमीन का दान एक सराहनीय सामाजिक एवं धार्मिक पहल है। इससे भविष्य में भव्य मंदिर या स्थायी पंडाल निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा। यह कदम न केवल धार्मिक आयोजनों के लिए स्थायी स्थान उपलब्ध कराएगा, बल्कि सामाजिक सद्भाव और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी मजबूती देगा।

ग्रामीण इलाकों में इस प्रकार की पहल सामूहिक एकता और सनातन परंपराओं को सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *