विम्स मेडिकल कॉलेज से चोरी अपाची बाइक बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पावापुरी पुलिस ने की कार्रवाई, एक आरोपी की निशानदेही पर दूसरा भी पकड़ा गया
पावापुरी थाना पुलिस ने विम्स मेडिकल कॉलेज परिसर से चोरी गई टीवीएस अपाची मोटरसाइकिल को बरामद करते हुए मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और आसूचना संकलन के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन कुमार, पिता मिथलेश पाल, निवासी गड़ेरिया बिगहा, थाना गिरियक तथा सन्नी कुमार, पिता उपेंद्र पाल, निवासी गड़ेरिया बिगहा, थाना गिरियक के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, पावा निवासी निप्पु सिंह 22 अगस्त को अपनी टीवीएस अपाची मोटरसाइकिल विम्स मेडिकल कॉलेज परिसर में खड़ी कर इलाज कराने के लिए अस्पताल गए थे। इलाज के बाद जब वे बाहर निकले तो उनकी मोटरसाइकिल मौके से गायब थी। काफी खोजबीन के बाद भी बाइक का पता नहीं चलने पर उन्होंने 23 अगस्त को पावापुरी थाना में इसकी सूचना दी।
मामले को लेकर गिरियक (पावापुरी) थाना कांड संख्या 416/26, दिनांक 23 अगस्त 2026 के तहत बीएनएस की धारा 305(बी) में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पावापुरी थानाध्यक्ष गौरव कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मामले की जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी शुरू की। जांच के क्रम में 25 अगस्त को ग्राम पावा से पवन कुमार को चोरी गई टीवीएस अपाची मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान पवन कुमार ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए अपने साथी सन्नी कुमार के बारे में जानकारी दी। इसके बाद पवन की निशानदेही पर पुलिस टीम ने गिरियक थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए सन्नी कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगालना शुरू कर दिया है। बरामद मोटरसाइकिल को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसके मालिक को सौंपने की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
पुलिस टीम में पावापुरी थानाध्यक्ष पुअनि-सह-थानाध्यक्ष गौरव कुमार सिंह, सअनि प्रमोद कुमार सिंह, सअनि विमल कुमार तिवारी, सअनि मनोज कुमार, सअनि अमित कुमार सहित पावापुरी थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।
