पावापुरी में शराब के खिलाफ छापेमारी, 5 लीटर बीयर बरामद; पुलिस को देख छत से कूदकर फरार हुआ तस्कर
पावापुरी, नालंदा। बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब की तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में पावापुरी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पोखरपुर गांव में छापेमारी कर पांच लीटर बीयर बरामद की। हालांकि, पुलिस को देखते ही कथित शराब तस्कर छत से कूदकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, 28 सितंबर 2026 की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि पोखरपुर गांव निवासी राजू चौधरी, पिता स्व. विनोद चौधरी के घर में शराब रखी गई है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने उसके घर पर छापेमारी की।
पुलिस के पहुंचते ही राजू चौधरी ने कथित तौर पर घर की छत से किंगफिशर कंपनी की 500 एमएल क्षमता वाली 10 बोतल/कैन बीयर नीचे फेंक दी। बरामद बीयर की कुल मात्रा पांच लीटर बताई गई है। इसके बाद वह खुद भी छत से कूदकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने मौके से बरामद पांच लीटर बीयर को जब्त कर लिया है। फरार आरोपित राजू चौधरी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इस मामले में पावापुरी थाना में कांड दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
