नालंदा में 30 सितंबर से शुरू होगी तीन दिवसीय जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता, डीडीसी ने तैयारियों की समीक्षा की

0
deepnagar

बिहारशरीफ। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना के वार्षिक खेल कार्यक्रम 2026-27 के तहत नालंदा जिले में तीन दिवसीय जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन 30 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। प्रतियोगिता के सफल एवं सुगम संचालन को लेकर सोमवार को समाहरणालय में उप विकास आयुक्त, नालंदा सुश्री सारा अशरफ की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आयोजन समिति की समीक्षा बैठक हुई।

बैठक में प्रतियोगिता के आयोजन से संबंधित प्रशासनिक, तकनीकी और बुनियादी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने तथा प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

प्रतियोगिता का आयोजन जिले के छह प्रमुख स्थलों पर अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों के लिए किया जाएगा।

इन स्थलों पर होंगी प्रतियोगिताएं

दीपनगर स्टेडियम, दीपनगर में 30 सितंबर से 2 अक्टूबर तक एथलेटिक्स, कबड्डी और खो-खो प्रतियोगिताएं होंगी। वहीं 1 से 2 अक्टूबर तक वॉलीबॉल तथा 2 अक्टूबर को रग्बी और बालक वर्ग की कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

किसान कॉलेज, सोहसराय में 30 सितंबर को वुशु, 1 अक्टूबर को कराटे तथा 2 अक्टूबर को ताइक्वांडो, योगा और शतरंज प्रतियोगिता होगी।

नालंदा हेल्थ क्लब, एतवारी बाजार में 1 अक्टूबर को बैडमिंटन और भारोत्तोलन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

सोगरा हाई स्कूल, बिहारशरीफ में 30 सितंबर को फुटबॉल तथा 1 अक्टूबर को हैंडबॉल प्रतियोगिता होगी।

+2 उच्च विद्यालय, पतासंग (रहुई) में 2 अक्टूबर को बालक वर्ग की क्रिकेट और बास्केटबॉल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं मोगल कुआं चौक से नया रहुई रोड तक 30 सितंबर को साइकिलिंग प्रतियोगिता होगी।

सुरक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल की रहेगी व्यवस्था

प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष एवं सुगम संचालन के लिए जिला खेल पदाधिकारी के संयोजन में समिति का गठन किया जाएगा। प्रतियोगिता के विभिन्न आयोजनों के लिए करीब 60 शारीरिक शिक्षा शिक्षकों, प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।

सभी आयोजन स्थलों पर शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बिहारशरीफ के माध्यम से पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों के साथ महिला एवं पुरुष पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

खिलाड़ियों के चोटिल होने की स्थिति में त्वरित प्राथमिक उपचार के लिए सिविल सर्जन, नालंदा द्वारा सभी आयोजन स्थलों पर डॉक्टर, नर्स, आवश्यक दवाओं और एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

वहीं, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग द्वारा शुद्ध पेयजल के लिए पानी के टैंकर उपलब्ध कराए जाएंगे। नगर निगम, बिहारशरीफ द्वारा खेल मैदानों के समतलीकरण, साफ-सफाई और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

प्रतियोगिता के दौरान चयन समिति द्वारा चयनित खिलाड़ियों के सत्यापन के लिए आवश्यकता के अनुसार आधार पर्यवेक्षकों की भी प्रतिनियुक्ति की जाएगी। जिला प्रशासन ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *