घरेलू विवाद में पति ने पत्नी को गोली मारकर की हत्या, हथियार के साथ गिरफ्तार
दरवाजा देर से खोलने को लेकर हुआ विवाद, शराब के नशे में वारदात को अंजाम देने का आरोप
हरनौत – नालंदा जिले के कल्याण बिगहा थाना क्षेत्र के कोलाबा गांव में घरेलू विवाद के दौरान एक पति द्वारा अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही कल्याण बिगहा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया।
मृतका की पहचान कोलाबा गांव निवासी लड्डू मांझी की 26 वर्षीय पत्नी कांति देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।
घटना के संबंध में मृतका की सास लाछों देवी ने शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे बताया कि उनका बेटा लड्डू कुमार करीब दो महीने पहले दरभंगा जिले से ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करने के बाद घर लौटा था। मजदूरी से मिले रुपये से वह मोटरसाइकिल खरीदना चाहता था। बताया गया कि गुरुवार की रात वह शराब के नशे में घर पहुंचा। इसी दौरान पत्नी द्वारा दरवाजा खोलने में देर होने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान लड्डू कुमार ने आक्रोशित होकर पत्नी कांति देवी को गोली मार दी। गोली लगने के बाद महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गोली की आवाज सुनकर आसपास के पड़ोसी जाग गए और घटनास्थल की ओर पहुंचे। इसी बीच घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही कल्याण बिगहा थानाध्यक्ष निशा भारती पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया तथा उसके पास से हथियार भी बरामद किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया।
कल्याण बिगहा थानाध्यक्ष निशा भारती ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद के कारण घटना को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
