विज्ञान ड्रामा प्रतियोगिता में प्रिया भारती और प्रिया कुमारी का प्रमंडल स्तर पर चयन

0
WhatsApp Image 2026-09-18 at 9.08.59 PM

इलेक्ट्रिक वाहन ‘आगे बढ़ने का मार्ग’ विषय पर दी प्रस्तुति, प्रमंडल स्तर पर भी मिली सराहना

बिहारशरीफ, 18 सितंबर। राज्य स्तरीय विज्ञान ड्रामा प्रतियोगिता के तहत आरजीएल उच्च विद्यालय, छबीलापुर, बिहारशरीफ की छात्राएं प्रिया भारती एवं प्रिया कुमारी का चयन प्रमंडल स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया गया है। बीआईटीएन, कोलकाता के दिशा-निर्देश के तहत राज्य स्तरीय विज्ञान ड्रामा प्रतियोगिता का आयोजन एससीईआरटी एवं श्रीकृष्ण विज्ञान केंद्र, पटना के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा विज्ञान एवं समाज के क्षेत्र में कार्य करने वाले लोगों के माध्यम से विज्ञान को लोकप्रिय बनाना और समाज में वैज्ञानिक जागरूकता पैदा करना है। इस वर्ष विज्ञान ड्रामा का मुख्य विषय ‘साइंस और सोसायटी’ रखा गया है। इसके अंतर्गत चार उप-विषय निर्धारित किए गए हैं, जिनमें ‘कृत्रिम बुद्धिमत्ता : मित्र, उपकरण या खतरा’, ‘इलेक्ट्रिक वाहन : आगे बढ़ने का मार्ग’, ‘अंतरिक्षीय आवास’ तथा ‘महासागरों का पुनरुद्धार’ शामिल हैं।

जिले में आयोजित प्रतियोगिता में आरजीएल उच्च विद्यालय, छबीलापुर की प्रिया भारती और प्रिया कुमारी ने ‘इलेक्ट्रिक वाहन : आगे बढ़ने का मार्ग’ विषय पर प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। विद्यालय के शिक्षक अजय कुमार ने दोनों छात्राओं को इस विषय पर तैयार कराया और उनकी प्रस्तुति को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

WhatsApp Image 2026 09 18 at 9.09.17 PM

जिला स्तर पर सफलता के बाद दोनों छात्राओं को प्रमंडल स्तर की प्रतियोगिता के लिए पटना तारामंडल के समीप स्थित राजकीयकृत मध्य विद्यालय, अदालतगंज भेजा गया। वहां भी नालंदा जिले की छात्राओं ने अपनी प्रस्तुति से उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया और सराहना प्राप्त की।

छात्राओं को प्रतियोगिता की स्क्रिप्ट तैयार कराने से लेकर प्रमंडल स्तर तक पहुंचाने में नोडल शिक्षक शंकर कुमार एवं आरजीएल उच्च विद्यालय, छबीलापुर के शिक्षक अजय कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा पदाधिकारी हेमचंद्र, डीपीओ एसएसए भोला कुमार कर्ण, एडीपीसी श्यामनंदन झा तथा एपीओ कृष्ण कुमार दास ने छात्राओं को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। अधिकारियों ने छात्राओं के आवागमन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी विशेष ध्यान रखा।

एपीओ कृष्ण कुमार दास ने प्रिया भारती एवं प्रिया कुमारी को ‘इलेक्ट्रिक वाहन : आगे बढ़ने का मार्ग’ विषय पर उनके प्रदर्शन और सफलता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *