नेहुसा पंचायत में सात लाख की अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई आग के हवाले, लाखों का नुकसान

0
WhatsApp Image 2026-09-07 at 10.47.12 PM (1)

अज्ञात बदमाशों पर आगजनी का संदेह, भवन समेत कचरा प्रसंस्करण की सामग्री जलकर राख; स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित

हरनौत प्रखंड की नेहुसा पंचायत में स्वच्छता व्यवस्था को संचालित करने वाली अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई (WPU) को अज्ञात बदमाशों ने आग के हवाले कर दिया। सोमवार की रात करीब 10 बजे हुई इस आगजनी की घटना में WPU भवन सहित उसमें रखी कचरा प्रसंस्करण एवं संग्रहण की सामग्री पूरी तरह जलकर राख हो गई। पंचायत प्रतिनिधियों के अनुसार, घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों एवं पंचायत के स्वच्छता पर्यवेक्षक परमानंद पासवान ने बताया कि रात करीब 10 बजे WPU में आग लगने की जानकारी मिली। देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की तेज लपटों के कारण भवन की छत, दीवार और फर्श का प्लास्टर उखड़ गया है तथा भवन की संरचना को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
इकाई में रखे बोतल, मल्टी-लेयर प्लास्टिक, सिरिंज, पुराना लोहा, पॉलिथीन सहित अन्य कचरा संग्रहण और प्रसंस्करण सामग्री जलकर राख हो गई। घटना के बाद पंचायत में कचरे की छंटाई और प्रसंस्करण का काम प्रभावित हो गया है।

नेहुसा पंचायत के सभी 20 वार्डों से ठेला गाड़ियों के माध्यम से प्रतिदिन एकत्रित कचरा इसी अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई में लाया जाता था। यहां कचरे को अलग-अलग कर उपयोगी एवं अनुपयोगी सामग्री का प्रसंस्करण किया जाता था। WPU के संचालन से पंचायत की स्वच्छता व्यवस्था के साथ-साथ कई स्वच्छता कर्मियों का रोजगार भी जुड़ा हुआ है।
स्वच्छता पर्यवेक्षक के अनुसार पंचायत में स्वच्छता अभियान के तहत कुल 25 कर्मी कार्यरत हैं। इनमें दो चालक, 20 सफाई कर्मी, एक स्वच्छता पर्यवेक्षक और कचरे की छंटाई करने वाले दो कर्मी शामिल हैं। इकाई का संचालन प्रतिदिन सुबह छह बजे से नौ बजे तक किया जाता था। आगजनी के कारण सोमवार को कचरे की छंटाई एवं प्रसंस्करण का कार्य पूरी तरह प्रभावित रहा।
पंचायत सचिव विकास कुमार ने बताया कि करीब सात लाख रुपये की लागत से WPU भवन का निर्माण लगभग दो वर्ष पूर्व शेरपुर गांव जाने वाली सड़क के किनारे कराया गया था। पंचायत के विभिन्न वार्डों से संग्रहित कचरे को इसी इकाई में लाकर उसकी प्रोसेसिंग की जाती थी। आगजनी के कारण भवन और मशीनरी एवं सामग्री को भारी नुकसान पहुंचा है।
पंचायत की मुखिया मंजूषा कुमारी ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि आगजनी से पंचायत को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। इससे पंचायत की स्वच्छता व्यवस्था के साथ-साथ स्वच्छ भारत अभियान को भी झटका लगा है। उन्होंने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों की पहचान करने और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

आग लगने की सूचना डायल-112 को दी गई। सूचना मिलते ही एएसआई मो. तालिब, एएसआई विकास कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों एवं पंचायत कर्मियों से घटना की जानकारी ली। इसके बाद हरनौत थाना पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई।
प्रारंभिक तौर पर घटना को सुनियोजित आगजनी से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। ग्रामीणों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने पुलिस-प्रशासन से घटना में शामिल लोगों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी करने तथा क्षतिग्रस्त अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई को शीघ्र दुरुस्त कर दोबारा चालू कराने की मांग की है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *