उदेरास्थान बराज पर जलस्तर में लगातार गिरावट, स्थिति पूरी तरह सामान्य एवं नियंत्रण में

0
images-(7)

कुल 30 में से 5 फाटक खुले, 25 फाटक बंद; प्रशासन की 24×7 निगरानी जारी

बिहारशरीफ, नालंदा, 03 सितंबर 2026। नालंदा जिले के नागरिकों के लिए राहत की खबर है। उदेरास्थान बराज पर जलस्तर में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। वर्तमान में स्थिति पूरी तरह सामान्य एवं नियंत्रण में है। जिला प्रशासन एवं जल संसाधन विभाग की तकनीकी टीमें बराज एवं आसपास के क्षेत्रों में जलस्तर की स्थिति पर 24×7 निगरानी रख रही हैं।

जिला प्रशासन के अनुसार, उदेरास्थान बराज में कुल 30 फाटक हैं, जिनमें से वर्तमान में केवल 5 फाटक खुले हैं, जबकि शेष 25 फाटक बंद हैं। बराज से पानी का बहाव भी लगातार कम हो रहा है।

बराज की जल निकासी क्षमता लगभग 1.60 लाख क्यूसेक है, जबकि वर्तमान में यहां से लगभग 13,354 क्यूसेक पानी ही निकल रहा है। यह बराज की कुल क्षमता के 10वें हिस्से से भी कम है। वर्तमान जलस्तर एवं जल निकासी की स्थिति को देखते हुए किसी बड़े खतरे की आशंका नहीं है।

बराज से दाईं एवं बाईं नहरों में सिंचाई एवं सामान्य जल प्रवाह के लिए निर्धारित मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है। वर्तमान स्थिति में इससे आसपास के क्षेत्रों में किसी नए बाढ़ संकट की स्थिति उत्पन्न नहीं हो रही है।

आम नागरिकों से अपील

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि जलस्तर में लगातार कमी को देखते हुए घबराने अथवा चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। प्रशासन एवं जल संसाधन विभाग की तकनीकी टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

नागरिकों से अनुरोध है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और जलस्तर अथवा बाढ़ की स्थिति से संबंधित जानकारी के लिए केवल जिला प्रशासन एवं अन्य अधिकृत सरकारी माध्यमों से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।

जिला प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकता पड़ने पर सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *