मोतिहारी में मेडिकल कॉलेज, अटल कला भवन और नई चीनी मिल की घोषणा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किसान समृद्धि सम्मेलन में चंपारण के विकास को लेकर कई बड़े ऐलान किए
मोतिहारी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मोतिहारी स्थित महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में आयोजित किसान समृद्धि सम्मेलन एवं बुद्धिजीवी, श्रमजीवी तथा समाजसेवी सम्मान समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चंपारण के विकास और क्षेत्रवासियों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोतिहारी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जाएगी। इसके साथ ही करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से अटल कला भवन का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि बरियारपुर एयरपोर्ट के समीप मेडिकल कॉलेज की स्थापना की दिशा में भी आवश्यक पहल की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने चंपारण में बंद पड़ी पुरानी चीनी मिलों को दोबारा शुरू करने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि पुरानी चीनी मिलों को पुनर्जीवित करने के साथ-साथ नई चीनी मिल की स्थापना भी की जाएगी। इससे क्षेत्र के किसानों को लाभ मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि चंपारण की एयर कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाया जाएगा, ताकि क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सके। इसके साथ ही बरियारपुर में रात्रिकालीन हेलीकॉप्टर लैंडिंग की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) व्यवस्था विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चंपारण के समग्र विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, रोजगार और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। मेडिकल कॉलेज, चीनी मिलों के पुनरुद्धार और बेहतर हवाई संपर्क जैसी योजनाओं से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
किसान समृद्धि सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने किसानों के हित, रोजगार सृजन और क्षेत्र के आर्थिक विकास को सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए चंपारण के विकास को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
