आज पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर, योजनाओं की जांच और ऑन स्पॉट समाधान पर जोर
पोआरी,गोनावां और पाकड़ पंचायत के साथ हरनौत नगर पंचायत के पांच वार्डों में सहयोग शिविर
हरनौत प्रखंड व नगर पंचायत क्षेत्र में प्रशासन ने आम लोगों की समस्याओं को हल करने की तैयारी में जुट गया है।इसी कड़ी में आज मंगलवार को प्रखंड क्षेत्र के पोआरी,गोनावां और पाकड़ पंचायत सहित नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न 5 वार्डों में सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा।वहां
विकसीत भारत जी रामजी,आवास योजना, पेंशन, राशन कार्ड, शौचालय निर्माण और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामलों के लिए अलग-अलग विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे, ताकि लोगों को एक ही जगह पर सभी जरूरी सेवाएं मिल सकें। प्रशासन ने इसे जनसुनवाई और समाधान का प्रभावी माध्यम बताया है।
इस पहल का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंचाना और लंबित मामलों को तेजी से निपटाना है।प्रशासन ने साफ कहा है कि शिविर के दौरान प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। इसके लिए एक तय समय सीमा भी निर्धारित की जाएगी, ताकि लोगों को बार-बार दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।इसके साथ ही योजनाओं में किसी तरह की गड़बड़ी या अनियमितता मिलने पर तुरंत कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन चाहता है कि योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से सही लोगों तक पहुंचे और किसी भी तरह की शिकायत को नजरअंदाज न किया जाए। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन शिविरों में पहुंचें और अपनी समस्याओं को सीधे अधिकारियों के सामने रखें। इससे न सिर्फ उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान होगा, बल्कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता भी बढ़ेगी। वहीं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी(ईओ) सौरभ सुमन ने बताया कि नगर पंचायत के वार्ड संख्या 15 और 17 के लिए प्राथमिक विद्यालय नियामतपुर में, वार्ड संख्या 18 और 19 के लिए प्राथमिक विद्यालय चेरन में तथा वार्ड संख्या 16 के लिए देवी स्थान रूपसपुर में शिविर लगाकर विभिन्न प्रकार के समस्या का समाधान किया जाएगा। वहीं बीपीआरओ उमेश कुमार ने कहा कि
21 जुलाई (तृतीय मंगलवार) को पोआरी पंचायत के +2 उच्च विद्यालय गोनावां-पोआरी(मॉडल स्कूल), पाकड़ पंचायत के प्राथमिक विद्यालय न्याखंदा और गोनावां पंचायत के पंचायत भवन गोनावां में भी सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे।जहां आम नागरिकों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, शीतल पेयजल और शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी ताकि लोगों को कोई असुविधा न हो।
