हरनौत में 73 एमएम बारिश, सड़कों पर जलजमावः आवागमन प्रभावित, किसानों को मिली बड़ी राहत

0
IMG-20260721-WA0002

हरनौत प्रखंड में सोमवार सुबह तक हुई मूसलाधार बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई, लेकिन कई इलाकों में जलजमाव की समस्या पैदा कर दी। प्रखंड कृषि सांख्यिकी कार्यालय के अनुसार, यहां 73 एमएम बारिश दर्ज की गई। इस बारिश से किसानों को बड़ी राहत मिली है।खराब जल निकासी व्यवस्था के कारण हरनौत बाजार में स्थित प्राथमिक विद्यालय नियामतपुर से देवी स्थान मंदिर जाने वाली सड़क, बीडीओ एवं सीओ के सरकारी आवास से नगर पंचायत कार्यालय जाने वाली सड़क, प्रखंड कृषि कार्यालय, पटेल नगर मुहल्ले और पंचशील नगर मुहल्ले सहित अन्य क्षेत्रों में पानी भर गया। सड़कों पर घरों, शौचालयों और नालों का पानी बह रहा है।इस जलजमाव का सबसे अधिक असर स्कूल जाने वाले बच्चों और अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों पर पड़ रहा है। सड़कों पर पानी जमा होने के कारण लोगों को रास्ता बदलकर जाना पड़ रहा है। कई जगहों पर गड्ढे पानी में छिपे होने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल निकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग की है।उधर, प्रखंड क्षेत्र के पचौरा गांव के रविदास टोला में जाने वाली कच्ची सड़क पर भी लोगों को आवागमन में भारी असुविधा हो रही है। ग्रामीण वर्षों से इस सड़क को पक्का करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
हालांकि, मौसम के अचानक करवट लेने और झमाझम बारिश से किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई है। आसमान में घने बादल छाए रहे और ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया। सुबह टहलने निकले लोगों ने भी इस खुशनुमा मौसम का आनंद लिया।इस समस्या के संबंध में हरनौत के बीडीओ डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों को इस बारे में सूचित करने की बात कही।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *