पारिवारिक विवाद में भाई ने बड़े भाई की चाकू घोंपकर हत्या, पिता और दूसरे भाई पर भी जानलेवा हमला
रहुई (नालंदा)। नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र के पेशौर गांव में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद एक भाई ने अपने ही बड़े भाई की चाकू घोंपकर निर्मम हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे पिता और दूसरे भाई पर भी चाकू से जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान सुनील पंडित के 30 वर्षीय पुत्र सिंटू कुमार के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में मृतक के पिता सुनील पंडित तथा 24 वर्षीय भाई विपिन कुमार शामिल हैं। दोनों घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायल विपिन कुमार ने बताया कि उसका मंझला भाई गली में घूम रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी और बड़े भाई सिंटू कुमार के बीच कहासुनी शुरू हो गई। उस समय वह और उसके पिता घर में खाना खा रहे थे। झगड़े की आवाज सुनते ही दोनों बिना हाथ धोए बाहर पहुंचे और किसी तरह दोनों भाइयों को अलग कर घर की ओर ले जाने लगे।
विपिन के अनुसार, जैसे ही वह मंझले भाई को पकड़कर घर ले जाने के लिए मुड़ा, उसने अचानक चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी ने पिता सुनील पंडित पर भी चाकू से वार किया और फिर बड़े भाई सिंटू कुमार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सिंटू की मौके पर ही मौत हो गई।
विपिन ने बताया कि परिवार का किसी बाहरी व्यक्ति से कोई विवाद नहीं था। यह घटना पूरी तरह पारिवारिक विवाद का परिणाम है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही रहुई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
