बेटे के साथ सो रहे पिता की सिर में गोली मारकर हत्या, केसरी बिगहा गांव में घर में घुसकर 4-5 बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम

0
WhatsApp Image 2026-07-13 at 6.12.49 AM

4 माह पहले ही जेल से छूटा था मृतक, आपसी रंजिश में हत्या की आशंका

राजगीर(नालंदा)। छबिलापुर थाना क्षेत्र के केसरी बिगहा गांव में शनिवार की देर रात घर में बेटे के साथ सो रहे 45 वर्षीय व्यक्ति की बदमाशों ने सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान साजो यादव के पुत्र छोटे यादव के रूप में हुई है। वह चार माह पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया था। वारदात को पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। मृतक के बेटे गोलू कुमार ने बताया कि रात में उनके पिता उसके साथ ही सोए हुए थे। इसी दौरान चार-पांच की संख्या में हरवे-हथियार से लैस बदमाश घर में घुसे और पिता के सिर में सटाकर गोली मार दी। मृतक के भाई सुनील यादव ने बताया कि गांव में साल 2019 से चुनावी रंजिश और वर्चस्व को लेकर विवाद चला आ रहा है। परिजनों द्वारा पट्टीदारों पर हत्या का आरोप लगाया जा रहा है। सुनील ने बताया कि पुरानी दुश्मनी के कारण ही कुछ वर्ष पहले उनके भतीजे रवि कुमार की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। थानाध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि मृतक छोटे यादव चार-पांच महीने पूर्व ही जेल से बाहर आया था। उस पर गांव के ही मुन्नी यादव की हत्या का आरोप था, जिसकी करीब चार साल पहले हत्या हुई थी। हालांकि परिजन अभी घटना के स्पष्ट कारणों पर ज्यादा कुछ नहीं बोल रहे हैं।

एफएसएल की टीम कर रही जांच

डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि रात करीब एक बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र करने के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया गया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस तकनीकी और मानवीय सूचना तंत्र के आधार पर जांच कर रही है, जल्द ही हत्यारों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *