सड़क हादसे में घायल युवक को सांसद कौशलेंद्र कुमार ने अपनी गाड़ी से पहुंचाया अस्पताल, पेश की मानवता की मिसाल
बिहारशरीफ (नालंदा)। नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार ने रविवार को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल एक युवक की मदद कर मानवता की मिसाल पेश की। एक कार्यक्रम से लौटने के दौरान उन्होंने सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े युवक को अपनी गाड़ी से सदर अस्पताल पहुंचाया और उसके समुचित इलाज की व्यवस्था कराई।
जानकारी के अनुसार, नूरसराय थाना क्षेत्र के खरजमा गांव निवासी 25 वर्षीय सूरज कुमार दीपनगर थाना क्षेत्र के गोला के समीप सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे पड़े थे। उसी समय सांसद कौशलेंद्र कुमार एकंगरसराय में आयोजित उद्घाटन समारोह से बिहारशरीफ लौट रहे थे। रास्ते में भीड़ देखकर उन्होंने अपना काफिला रुकवाया और घटना की जानकारी ली।
स्थानीय लोगों ने सांसद को बताया कि काफी देर से 102 एंबुलेंस सेवा पर संपर्क करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन एंबुलेंस नहीं पहुंची। घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए सांसद ने बिना देर किए उसे अपनी सरकारी गाड़ी में बैठाया। इसके लिए उन्होंने अपने साथ चल रहे एक सहयोगी को वाहन से नीचे उतार दिया और स्वयं घायल युवक को लेकर तत्काल बिहारशरीफ सदर अस्पताल पहुंचे।
अस्पताल पहुंचने के बाद सांसद ने जिलाधिकारी और सिविल सर्जन से फोन पर बात कर घायल के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया। चिकित्सकों ने युवक का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन सिर में गंभीर चोट और कान से रक्तस्राव होने के कारण बेहतर इलाज के लिए उसे पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, युवक को अंदरूनी चोट लगने की आशंका है, जिसके लिए विशेषज्ञ चिकित्सा की आवश्यकता है।
इस दौरान सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि आज के समय में लोगों को मानवता और संवेदनशीलता को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा, “यदि किसी जरूरतमंद की समय पर मदद की जाए तो उसकी जान बचाई जा सकती है। हमें हमेशा यह सोचना चाहिए कि यदि ऐसी परिस्थिति हमारे या हमारे परिवार के किसी सदस्य के साथ हो, तो हमें भी दूसरों की मदद की आवश्यकता पड़ेगी।”
उन्होंने समाज से अपील की कि सड़क दुर्घटना या किसी भी आपात स्थिति में घायल व्यक्ति की मदद करने से पीछे नहीं हटें। सांसद ने अस्पताल प्रशासन द्वारा समय पर उपचार शुरू किए जाने की सराहना करते हुए घायल युवक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
