नालंदा में युवक को मारी गोली, गंभीर हालत में पटना रेफर; जांच में जुटी पुलिस
हिलसा (नालंदा)। नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के भोकिलापर गांव में रविवार को अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
घायल की पहचान भोकिलापर गांव निवासी उदय यादव के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही हिलसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल गोलीबारी के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी हुई है।
पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जांच के बाद ही गोलीबारी के कारणों का खुलासा हो सकेगा।:::
