जिलाधिकारी ने केशोपुर तटबंध का किया निरीक्षण, बाढ़ निरोधी तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

0
WhatsApp Image 2026-07-04 at 6.20.51 AM (1)

नालंदा, 3 जुलाई 2026। जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह ने शुक्रवार को अपने भ्रमण कार्यक्रम के दौरान एकंगरसराय प्रखंड अंतर्गत केशोपुर तटबंध का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ निरोधी तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मानसून पूर्व किए गए कार्यों की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान बाढ़ से बचाव के लिए किए गए कार्यों एवं संभावित आपदा से निपटने की तैयारियों का विस्तृत आकलन किया गया। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, हिलसा श्री अमित कुमार पटेल ने विगत वर्ष आई बाढ़, उससे प्रभावित क्षेत्रों, राहत एवं बचाव कार्यों तथा इस वर्ष की तैयारियों की विस्तृत जानकारी जिलाधिकारी को दी।

जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल को निर्देश दिया कि संवेदनशील स्थलों पर सैंड बैग (बालू भरे बोरों) की संख्या शीघ्र बढ़ाई जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनका तत्काल उपयोग किया जा सके।

उन्होंने उप विकास आयुक्त को निर्देशित किया कि संभावित बाढ़ की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को बिना विलंब शुरू करने के लिए आवश्यक संख्या में मजदूरों की पूर्व से पहचान कर उनकी उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से तटबंधों पर नियमित गश्ती (पैट्रोलिंग) कराई जाए, ताकि किसी भी प्रकार की क्षति अथवा असामान्य गतिविधि की सूचना समय पर मिल सके।

जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी बाढ़ निरोधी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी की जाएं तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी तरह तैयार रहें।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त श्री रंजन चौधरी, अनुमंडल पदाधिकारी, हिलसा श्री अमित कुमार पटेल, भूमि सुधार उप समाहर्ता, हिलसा श्रीमती रश्मि कुमारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, इस्लामपुर श्री कुमार ऋषिराज, प्रखंड विकास पदाधिकारी, एकंगरसराय श्रीमती प्रियंका कुमारी, अंचल अधिकारी, एकंगरसराय श्री विवेक कुमार, कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, एकंगरसराय श्री वाल्मीकि प्रसाद सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *