ट्रेन की जनरल बोगी से अज्ञात महिला का शव बरामद, बिहारशरीफ स्टेशन पर मची अफरा-तफरी
बिहारशरीफ (नालंदा), संवाददाता। कोडरमा-दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस की जनरल बोगी से एक अज्ञात महिला का शव बरामद होने से शुक्रवार को बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं रेल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
आरपीएफ इंस्पेक्टर एम.डी. आलम अंसारी ने बताया कि गाड़ी संख्या 13233 कोडरमा-दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस की जनरल बोगी में एक महिला के अचेत अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना का सत्यापन होने के बाद आरपीएफ और रेल पुलिस की टीम बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन पहुंची। जांच के दौरान महिला को मृत पाया गया, जिसके बाद शव को ट्रेन से नीचे उतारकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
पहनावे से भिक्षुक होने की आशंका
आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि मृतका के हुलिए और पहनावे से प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि वह भिक्षुक थी। महिला के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट या जख्म के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
शिनाख्त में जुटी रेल पुलिस
रेल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है। साथ ही मृतका की पहचान के लिए सोशल मीडिया और अन्य संचार माध्यमों का सहारा लिया जा रहा है, ताकि उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।
रेल पुलिस ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को मृतका के संबंध में कोई जानकारी हो तो वे तत्काल रेल पुलिस या आरपीएफ से संपर्क करें।
