हरनौत में दो बंद घरों से लाखों की चोरी: सोने-चांदी के आभूषण, लैपटॉप और नगदी ले गए चोर
नालंदा जिले के हरनौत बाजार में दो बंद घरों में चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने सोने-चांदी के आभूषण, लैपटॉप और नगदी सहित लाखों रुपये की संपत्ति चुरा ली। यह घटना हरनौत थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 17 स्थित नियामतपुर मोहल्ले में हुई।
पहले पीड़ित डॉ. जयवंत कुमार ने बताया कि वे अपने बच्चों के साथ नानी के घर गए हुए थे, जबकि वे स्वयं नाइट ड्यूटी के लिए रहुई चले गए थे। रविवार सुबह घर लौटने पर उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे पर ताला लगा था, लेकिन अंदर तीन कमरों के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था।
जांच करने पर डॉ. जयवंत ने पाया कि गोदरेज से सोने के बिछिया, ढोलना, कानवाली, गला सेट का हार, नथनी, मनटिका, मंगलसूत्र सहित अन्य आभूषण गायब थे। इसके अलावा, चांदी के सिक्के, पायल और पांच हजार रुपये नकद भी चोरी हो गए थे। उन्होंने बताया कि कुल आठ से दस लाख रुपये की संपत्ति चोरी हुई है। चोरों ने सीढ़ी के सहारे छत से घर में प्रवेश किया था।
इसी घर से लगभग 100 मीटर पश्चिम दिशा में स्थित शिक्षिका कमला कुमारी के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया। कमला कुमारी ने बताया कि वे गर्मी की छुट्टियों के कारण अपने पति ओम प्रकाश सेन (जो बरेली में रेलवे में कार्यरत हैं) के साथ बाहर गई हुई थीं, जिस कारण मकान बंद था। वापस लौटने पर उन्हें भी कमरों के ताले टूटे और सामान बिखरा मिला। चोर उनके घर से लैपटॉप सहित अन्य सामान चुरा ले गए।पीड़ितों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और पूछताछ की। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि एएसआई गौतम कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे थे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
