नालंदा में स्कूल बस में लगाई आग, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नाबालिग हिरासत में

0
WhatsApp Image 2026-06-21 at 7.47.42 PM

नालंदा, संवाददाता। नालंदा थाना क्षेत्र के कपटिया मोड़ स्थित एक निजी विद्यालय परिसर में खड़ी स्कूल बस में आग लगा दी गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

हालांकि तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। राहत की बात यह रही कि दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों की तत्परता से विद्यालय परिसर में खड़ी अन्य छोटी-बड़ी गाड़ियों को नुकसान नहीं पहुंचा।

विद्यालय के प्रतिनिधि रोहित कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर वह तुरंत मौके पर पहुंचे। रविवार होने के कारण स्कूल में अवकाश था। उन्होंने बताया कि कार्यालय के गेट के ताले में माचिस की तीलियां फंसी मिलीं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि घटना को सुनियोजित तरीके से अंजाम देने का प्रयास किया गया।

WhatsApp Image 2026 06 21 at 7.47.42 PM 1

घटना के बाद विद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। फुटेज में एक नाबालिग को बस में आग लगाते हुए देखा गया। इसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक किशोर को हिरासत में ले लिया।

नालंदा थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि नाबालिग ने किसी के बहकावे में आकर पेट्रोल छिड़ककर बस में आग लगाई थी। फिलहाल विद्यालय प्रशासन की ओर से लिखित आवेदन नहीं मिला है, लेकिन पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के पीछे किसी की पुरानी रंजिश, शरारत या कोई बड़ी साजिश तो नहीं है। हिरासत में लिए गए किशोर से पूछताछ जारी है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *