सहयोग शिविर में पहुंचे सांसद कौशलेंद्र कुमार, जनसमस्याओं के त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश
रहुई (नालंदा)। बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी “सहयोग शिविर” योजना के तहत आज नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार ने रहुई प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में आयोजित शिविरों का निरीक्षण किया तथा आम लोगों की समस्याओं से रूबरू होकर उनके शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
सांसद श्री कुमार ने पेशौर पंचायत, उतरनामा पंचायत तथा नगर पंचायत रहुई के वार्ड संख्या-5 में आयोजित सहयोग शिविरों में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद ने कहा कि बिहार सरकार की यह पहल आम जनता की समस्याओं के समाधान की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने बताया कि अब पंचायत स्तर तक सरकारी पदाधिकारी पहुंचकर लोगों से आवेदन प्राप्त कर रहे हैं तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
सांसद ने कहा कि छोटी-छोटी समस्याओं का समय पर समाधान होने से लोगों का सरकार के प्रति विश्वास बढ़ता है और उन्हें राहत मिलती है। उन्होंने कहा कि पहले दूर-दराज के क्षेत्रों के लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला या अनुमंडल मुख्यालय का चक्कर लगाना पड़ता था, लेकिन अब यह सुविधा उनके गांव और पंचायत स्तर पर उपलब्ध हो रही है।
उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए यह योजना किसी वरदान से कम नहीं है। ग्रामीणों ने भी अपने गांव में ही समस्याओं का समाधान होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इस पहल के लिए बिहार सरकार के प्रति आभार जताया।
सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा, “मानव सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं है। हम जनता के सुख-दुख में हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे और उनकी सेवा को अपना कर्तव्य मानकर करते रहेंगे।”
इस अवसर पर जिला बंदोबस्त पदाधिकारी नालंदा, प्रखंड विकास पदाधिकारी रहुई, थानाध्यक्ष रहुई, पेशौर एवं उतरनामा पंचायत के जनप्रतिनिधि, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अलबेला राय, राकेश मुखिया, पैक्स अध्यक्ष भवानी सिंह, अधिवक्ता अमित कुमार, राकेश कुमार, डबल पासवान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
