माँ मुंडेश्वरी धाम में बनेगा हेलीपैड और रोप-वे, 196 करोड़ की 60 योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास
196 करोड़ की 60 विकास योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास, सहयोग शिविर में प्राप्त 2.61 लाख आवेदनों के निष्पादन की दी जानकारी
कैमूर, संवाददाता।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को कैमूर जिले के भगवानपुर प्रखंड अंतर्गत पहाड़िया पंचायत स्थित माँ मुंडेश्वरी धाम धर्मशाला परिसर के समीप आयोजित सहयोग शिविर कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विभागों की 196.06 करोड़ रुपये की लागत से तैयार एवं प्रस्तावित 60 विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि माँ मुंडेश्वरी धाम को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने घोषणा की कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यहाँ हेलीपैड तथा रोप-वे का निर्माण कराया जाएगा। इससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित सहयोग शिविर कार्यक्रम आम लोगों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहा है। उन्होंने बताया कि पूरे बिहार में अब तक इस कार्यक्रम के तहत 3 लाख 3 हजार 678 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 2 लाख 61 हजार 628 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि सहयोग शिविरों के कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। अब तक 8,942 पदाधिकारियों को प्रथम नोटिस, 153 पदाधिकारियों को द्वितीय नोटिस तथा एक पदाधिकारी को तृतीय नोटिस जारी किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास की रोशनी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए संकल्पित है। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने, लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही।
