नींबू तोड़ने के विवाद में 14 वर्षीय बच्चे की पीट-पीटकर हत्या, पीड़ित परिवार से मिले अरुण भारती और मंत्री संजय पासवान; दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
नालंदा जिले के अस्थावां थाना क्षेत्र अंतर्गत सकरामा गांव में नींबू तोड़ने के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद के दौरान 14 वर्षीय बच्चे की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल कायम है।
घटना की सूचना मिलते ही अरुण भारती तथा बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान सकरामा गांव पहुंचे। दोनों नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
नेताओं ने घटनास्थल से ही नालंदा के पुलिस अधीक्षक एवं जिलाधिकारी से फोन पर बातचीत की। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल सरकारी मुआवजा देने, परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

इस दौरान स्थानीय निवासी एवं स्टेट बैंक के प्रबंधक बृजेश कुमार ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह घटना दो पक्षों के बीच हुए विवाद का परिणाम है और इसे लेकर किसी प्रकार का उपद्रव नहीं होना चाहिए।
उन्होंने लोगों से कानून व्यवस्था पर भरोसा रखने की अपील करते हुए कहा कि दोषियों को निश्चित रूप से कड़ी सजा मिलेगी। बृजेश कुमार ने यह भी स्पष्ट किया कि वे किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी के तहत पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं।
फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
