नालंदा: पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस आपूर्ति पर प्रशासन की नजर, डीएम कुंदन कुमार बोले-घबराने की जरूरत नहीं

0
IMG-20260423-WA0129

नालंदा जिले में पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कथित कमी की खबरों के बीच प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। इसी कड़ी में गुरुवार को जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार की अध्यक्षता में तेल विपणन कंपनियों के अधिकारियों और वरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में नोडल सेल्स ऑफिसर ने जानकारी दी कि Indian Oil Corporation Limited (IOCL) और Bharat Petroleum Corporation Limited (BPCL) के पेट्रोल पंपों पर किसी प्रकार की कमी नहीं है। हालांकि Hindustan Petroleum Corporation Limited (HPCL) के कुछ पेट्रोल पंपों पर आपूर्ति बाधित होने से अस्थायी समस्या उत्पन्न हुई थी।

प्रशासन ने बताया कि नालंदा सर्विस स्टेशन को 12 हजार लीटर पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति कर दी गई है और वह पुनः चालू हो गया है। वहीं सुदामा सर्विस स्टेशन और धनवंतरी फ्यूल्स को 18-18 हजार लीटर तेल उपलब्ध कराया गया है, जिससे वे भी जल्द चालू हो जाएंगे। अन्य दो पेट्रोल पंप आंतरिक कारणों से बंद हैं, जिन्हें शीघ्र चालू करने की प्रक्रिया जारी है।

जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शादी के मौसम को देखते हुए ईंधन की मांग बढ़ गई है, इसलिए पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और 5 से 10 प्रतिशत अतिरिक्त स्टॉक रखा जाए। किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल समन्वय कर समाधान निकालने को कहा गया।

उन्होंने आम जनता से अपील की कि जिले में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है, इसलिए अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक खरीदारी से बचें।

एलपीजी आपूर्ति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में 54 गैस एजेंसियों के माध्यम से प्रतिदिन औसतन 8,839 घरेलू सिलिंडर की आपूर्ति की जा रही है। वर्तमान बैकलॉग 4.3 है, जिसे शीघ्र 3 से नीचे लाने का निर्देश दिया गया है।

इसके अलावा, प्रशासन द्वारा बिहारशरीफ, राजगीर और सिलाव क्षेत्रों में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) पाइपलाइन बिछाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। बिहारशरीफ के 6 वार्ड, सिलाव के 6 वार्ड और राजगीर के 17 वार्डों में पाइपलाइन का कार्य पूरा हो चुका है। संबंधित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को PNG कनेक्शन लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि एलपीजी पर निर्भरता कम हो सके।

एलपीजी से संबंधित शिकायतों के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम (टोल फ्री नंबर- 06112-233168) भी संचालित किया जा रहा है।

जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार ने लोगों से अपील की कि यदि कहीं पेट्रोल-डीजल या गैस सिलिंडर की जमाखोरी, कालाबाजारी या घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग की सूचना मिले तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें। ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी (गोपनीय शाखा) सहित संबंधित तेल एवं गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *