छठ घाट योजना में घूसखोरी का खेल बेनकाब, 12 हजार घुस लेते बीपीआरओ अधिकारी गिरफ्तार, निगरानी की बड़ी कार्रवाई

0
IMG-20260320-WA0074

नगरनौसा (नालंदा): नालंदा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी (बीपीआरओ) अनुष्का कुमारी को 12 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खपुरा निवासी अजय कुमार ने निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि पंचायत समिति द्वारा उनके गांव में छठ घाट की सीढ़ी निर्माण योजना अनुशंसित की गई थी। लेकिन इस योजना को प्रारंभ कराने, फाइल आगे बढ़ाने एवं सरकारी कार्य को सुचारू रूप से शुरू करने के नाम पर बीपीआरओ अनुष्का कुमारी द्वारा 12 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी।

शिकायत मिलने के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मामले का सत्यापन किया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद एक विशेष टीम का गठन कर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की गई। तय योजना के अनुसार, जैसे ही शिकायतकर्ता अजय कुमार रिश्वत की राशि लेकर अधिकारी के पास पहुंचे और पैसे सौंपे, पहले से मौके पर तैनात विजिलेंस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अनुष्का कुमारी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम आरोपी अधिकारी को अपने साथ ले गई, जहां उनसे आगे की पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस कार्रवाई से जिले में हड़कंप मच गया है और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *