घरेलू उत्पादों के स्टॉल लोगों को कर रहे आकर्षित
प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत आयोजित प्रदर्शनी सह व्यापार मेला में दिखी कारीगरों की प्रतिभा
अनुमंडल संवाददाता, राजगीर राजीव लोचन की रिपोर्ट, राजगीर (नालंदा)। राजगीर स्थित इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत आयोजित दो दिवसीय प्रदर्शनी सह व्यापार मेले में स्थानीय कारीगरों द्वारा लगाए गए घरेलू उत्पादों के स्टॉल लोगों को खासा आकर्षित कर रहे हैं। मेले में एक से बढ़कर एक हस्तनिर्मित सामानों की प्रदर्शनी लगाई गई है, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
मेले का निरीक्षण करने पहुंचे केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और कारीगरों की मेहनत की सराहना की। उन्होंने प्रदर्शित उत्पादों को देखकर प्रसन्नता जताई और कारीगरों से सामानों की कीमत एवं निर्माण प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी ली।

प्रदर्शनी में कंचनपुर की अंजू देवी द्वारा ऊन से हाथों से बनाए गए रंग-बिरंगे पायदान लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इन पायदानों की खूबसूरती और बारीक कारीगरी को देखकर लोग काफी प्रभावित हो रहे हैं।
वहीं बिहारशरीफ के पुलपर निवासी सुरेश पंडित द्वारा बनाए गए मिट्टी के आकर्षक मूर्तियां भी लोगों का ध्यान खींच रही हैं। इन मूर्तियों में मां सरस्वती, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मछली सहित कई अन्य आकृतियां शामिल हैं, जिन्हें मिट्टी से तैयार कर हाथों से रंगों से सजाया गया है।
इसी तरह बाढ़ की शंकुरी देवी द्वारा तैयार किए गए मिट्टी के बोतल, सुराही और दीये भी लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं। इसके अलावा मेले में बच्चों के लिए खिलौने, कपड़े, घरेलू उपयोग के औजार और अन्य कई प्रकार के उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं, जिन्हें खरीदने के साथ-साथ लोग कारीगरों की कला की भी सराहना कर रहे हैं।

यह प्रदर्शनी न केवल स्थानीय कारीगरों को अपनी कला दिखाने का अवसर दे रही है, बल्कि उनके उत्पादों को बाजार भी उपलब्ध करा रही है।
