बिहार की राजनीति में बड़ा संकेत: नीतीश कुमार के बेटे निशांत की राजनीति में एंट्री तय, जदयू को मिलेगी नई युवा ऊर्जा

0
20260307_143054

शंकर कुमार सिन्हा की रिपोर्ट,

बिहारशरीफ। नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार के राजनीति में औपचारिक प्रवेश को लेकर सियासी हलकों में चर्चा तेज हो गई है। बिहारशरीफ प्रखंड कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि निशांत कुमार रविवार को विधिवत रूप से जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की सदस्यता ग्रहण करेंगे। उन्होंने कहा कि इससे पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी और युवाओं में उत्साह बढ़ेगा।

ट्राई साइकिल वितरण समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि निशांत कुमार युवा और शिक्षित हैं तथा उनके अंदर काम करने का जज़्बा है। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग लंबे समय से उन्हें राजनीति में देखना चाहते थे। पार्टी की सदस्यता लेने के बाद वरिष्ठ नेता मिलकर तय करेंगे कि उन्हें संगठन में क्या जिम्मेदारी दी जाए।

इस मौके पर कौशलेंद्र कुमार ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। डिप्टी सीएम बनाए जाने की चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि यदि पार्टी नेतृत्व ऐसा निर्णय लेता है तो सभी कार्यकर्ता अनुशासन में रहकर उनका समर्थन करेंगे।

1001300905

नीतीश कुमार की राज्यसभा जाने की इच्छा

सांसद कौशलेंद्र कुमार ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वयं यह इच्छा जताई है कि वे अब राज्यसभा जाना चाहते हैं। उनके अनुसार, मुख्यमंत्री का मानना है कि वे विधानसभा, विधान परिषद और लोकसभा का अनुभव प्राप्त कर चुके हैं, इसलिए अब उच्च सदन में जाकर देश और राज्य के लिए योगदान देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार दिल्ली में रहें या बिहार में, वे हमेशा राज्य के विकास के लिए समर्पित रहेंगे।

शराबबंदी नीति पर कोई समझौता नहीं

मंत्री श्रवण कुमार ने राज्य में लागू बिहार शराबबंदी कानून को लेकर उठ रहे सवालों पर कहा कि सरकार इस नीति से कोई समझौता नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि शराबबंदी से समाज में सकारात्मक बदलाव आया है और युवाओं का भविष्य बेहतर हुआ है। वहीं सांसद कौशलेंद्र कुमार ने भी कहा कि राजस्व के लिए समाज में बुराई को बढ़ावा नहीं दिया जा सकता।

1001300893

दिव्यांगों के बीच ट्राई साइकिल का वितरण

कार्यक्रम की शुरुआत में प्रखंड कार्यालय परिसर में 10 दिव्यांगजनों के बीच ट्राई साइकिल का वितरण किया गया। अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर लाभुकों को रवाना किया। मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि अब ट्राई साइकिल वितरण के लिए कोई निर्धारित सीमा नहीं है। जो भी दिव्यांगजन इसे चलाने में सक्षम हैं, उन्हें सरकार की ओर से यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, जदयू के मुख्य प्रवक्ता डॉ. धनंजय देव, जयंत कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *