नवनिर्मित मंदिर में 22 फरवरी को भगवान सूर्य देव की प्राण-प्रतिष्ठा, पांच दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान की तैयारी पूरी

0
IMG-20260209-WA0026

सुनील कुमार की रिपोर्ट, हरनौत (नालंदा)। हरनौत प्रखंड के दैली गांव स्थित जोगना के समीप नवनिर्मित मंदिर में भगवान सूर्य देव की आकर्षक प्रतिमा की भव्य प्राण-प्रतिष्ठा आगामी 22 फरवरी को वैदिक रीति-रिवाजों के साथ की जाएगी। इस अवसर पर पांच दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कलश यात्रा, मंत्रोच्चारण, यज्ञ और अखंड कीर्तन जैसे कई आध्यात्मिक कार्यक्रम शामिल रहेंगे।

पंडितों ने जानकारी देते हुए बताया कि 18 फरवरी को बख्तियारपुर गंगा घाट से कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। 19 फरवरी को पंचांग पूजा एवं वेदी पूजा, 20 फरवरी को फल-फूल, दूध और घी से जलाभिषेक तथा 22 फरवरी को दैली, महेशपुर और नेहुसा गांवों में नगर भ्रमण किया जाएगा। इसी दिन भगवान सूर्य देव की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा के साथ 24 घंटे का अखंड कीर्तन (राम-हरे राम) आरंभ होगा।

अनुष्ठान स्थल पर यज्ञशाला का निर्माण कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। यज्ञ मंडप का निर्माण मुजफ्फरपुर जिले के हरिशंकर सहनी उर्फ शंकर और उनकी टीम द्वारा किया जा रहा है। श्री सहनी ने बताया कि यज्ञ मंडप आठ भागों—आधार, स्तंभ, वल्लीय, गंडुक, वेदी, तोरण, ध्वज और पताका—से मिलकर बनता है, जहां यज्ञ की सभी धार्मिक गतिविधियां संपन्न होती हैं। फिलहाल मंडप का आधार और स्तंभ तैयार कर लिए गए हैं, जबकि अन्य कार्य जारी है।

ग्रामीण देवन दास सहित अन्य श्रद्धालुओं ने बताया कि इस पांच दिवसीय अनुष्ठान का मुख्य उद्देश्य प्रतिमा में देवत्व का आह्वान कर क्षेत्रवासियों के लिए इसे आस्था का केंद्र बनाना है, ताकि श्रद्धालु यहां नियमित रूप से पूजा-अर्चना कर सकें।

ग्रामीणों में कार्यक्रम को लेकर उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *