गिरीयक प्रखंड में पंचायत समिति की बैठक संपन्न, विकास योजनाओं पर हुआ मंथन

0
IMG-20260129-WA0079

गिरीयक, नालंदा। प्रखंड मुख्यालय गिरीयक में गुरुवार को पंचायत समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक प्रखंड परिसर स्थित सभा भवन में पूर्वाह्न 11 बजे प्रारंभ हुई, जिसकी अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख रजनी कुमारी ने की।

बैठक में 15वें एवं षष्ठम वित्त आयोग की योजनाओं, मनरेगा तथा वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए पंचायत समिति स्तर पर संचालित की जाने वाली विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान विभिन्न पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई और नई योजनाओं के चयन पर सहमति बनी।

बैठक में पंचायत समिति सदस्यों के साथ-साथ सभी विभागों के प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, अभियंता एवं तकनीकी कर्मी उपस्थित रहे। सभी विभागों द्वारा अपने-अपने कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ पवन कुमार ने बताया कि जर्जर अवस्था में पहुंच चुके आंगनबाड़ी भवनों को चिन्हित कर उन्हें सुरक्षित स्थलों पर स्थानांतरित करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही आगामी पंचायत समिति योजनाओं के प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर चोरसुआ पंचायत के मुखिया चंदन कुमार ने किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि भूमि रसीद में प्लॉट नंबर अंकित नहीं होने के कारण किसानों को फार्मर आईडी बनवाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा सस्पेक्टेड राशन कार्ड से संबंधित मामलों में भी ग्रामीणों को अनावश्यक नोटिस भेजे जाने की समस्या सामने आई है।

प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएंगे। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि बैठक में लिए गए निर्णयों से प्रखंड में विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *