नालंदा में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिवार में मातम

0
1001216466

गिरियक (नालंदा)। नालंदा जिले के गिरियक थाना क्षेत्र अंतर्गत मानपुर गांव में बीती रात एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

मृतक की पहचान मानपुर गांव निवासी कुलदीप चौधरी के 18 वर्षीय पुत्र समीर कुमार के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार, समीर अपने भाई सचिन के साथ घर की छत पर बने कमरे में सो रहा था। देर रात वह पानी पीने के लिए नीचे गया, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी वापस नहीं लौटा।

1001216465

जब भाई सचिन उसे देखने के लिए नीचे पहुंचा, तो एक कमरा अंदर से बंद मिला। वेंटिलेटर से झांक कर देखने पर उसने समीर को पंखे के सहारे फंदे से लटका हुआ पाया। इसके बाद शोर-शराबा होने पर घर के अन्य सदस्य भी जाग गए। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर युवक को फंदे से नीचे उतारा और आनन-फानन में इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया जाता है कि समीर तीन भाइयों और तीन बहनों में सबसे बड़ा था। वह इस वर्ष ग्रेजुएशन प्रथम वर्ष की परीक्षा देने की तैयारी कर रहा था। आत्महत्या के कारणों को लेकर फिलहाल परिजन कुछ भी कहने से बच रहे हैं।

इस संबंध में गिरियक थानाध्यक्ष श्रीकांत कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में यूडी केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *