भाकपा (माले) महासचिव का. दीपंकर नालंदा पहुंचे ‘बदलो सरकार, बदलो बिहार’ संवाद में बोले – बिहार में बदलाव की आंधी

बिहार शरीफ (नालंदा) : बिहारशरीफ में भाकपा (माले) महासचिव का. दीपंकर भट्टाचार्य ने ‘बदलो सरकार, बदलो बिहार’ संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में बदलाव की लहर तेज हो चुकी है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार अब शासन करने की स्थिति में नहीं हैं, भाजपा उन्हें आगे रखकर बिहार में ‘बुलडोजर राज’ लागू करना चाहती है।
उन्होंने कहा कि बिहार की गरीबी खुद सरकार के सर्वे में सामने आ चुकी है। 94 लाख अति गरीब परिवारों को राहत का वादा कर सरकार अब उसे नियमों में उलझाना चाहती है। अगर इंडिया गठबंधन की सरकार बनी तो हर महिला को ₹2500 प्रतिमाह, सामाजिक सुरक्षा पेंशन ₹1000, स्कीम वर्कर्स को सम्मानजनक वेतन और माइक्रो फाइनेंस कर्ज से राहत दी जाएगी।

मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले, अहमदाबाद विमान दुर्घटना और वक्फ संशोधन कानून को मोदी सरकार की नीतिगत विफलता बताया। उन्होंने 17 जून को इजरायल के खिलाफ प्रदर्शन और 9 जुलाई की ट्रेड यूनियन हड़ताल को सफल बनाने की अपील की।
एमएलसी शशि यादव ने कहा कि नीतीश कुमार के विकास के दावों के बावजूद नालंदा में बेरोजगारी, स्कीम वर्कर्स का शोषण और दलित बच्चियों पर अत्याचार जारी है।
पोलित ब्यूरो सदस्य जनार्दन प्रसाद ने नालंदा को बिहार में बदलाव का केंद्र बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा-जदयू के शासन में बिहार साम्प्रदायिक नफरत, बेरोजगारी और शिक्षा संकट का केंद्र बन चुका है।

का. दीपंकर का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। चंडी और बिहारशरीफ में बाइक रैली और फूल-माला से अभिनंदन हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत विमान दुर्घटना, पंचम मांझी और मुसहरू पासवान को श्रद्धांजलि देकर की गई। संवाद कार्यक्रम में 20 सूत्री प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया।
स्थानीय नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और वकीलों ने भी भाकपा (माले) को गरीबों, दलितों और अल्पसंख्यकों की सच्ची आवाज बताया।