बिहारशरीफ के खाटू श्याम मंदिर में 28 अक्टूबर को होगा भंडारा, श्रद्धालुओं को मिलेगा महाप्रसाद

0
IMG-20261025-WA0019

विकासनगर में 1852 वर्गफीट में बन रहा भव्य मंदिर, गरीबों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श और मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने की भी योजना

बिहारशरीफ (नालंदा)। शहर के विकासनगर स्थित वार्ड संख्या-23, रामचंद्रपुर में खाटू श्याम मंदिर ट्रस्ट की ओर से 28 अक्टूबर 2026, बुधवार को शाम 5 बजे भंडारा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालुओं के बीच खीर, सब्जी और पूड़ी का प्रसाद वितरित किया जाएगा। ट्रस्ट के अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर बाबा खाटू श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

ट्रस्ट के अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि अनंत चतुर्दशी के दिन से मंदिर निर्माण का कार्य शुरू किया गया है। लगभग 1852 वर्गफीट क्षेत्र में बन रहे मंदिर में 84 पिलर की पाइलिंग का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि वर्तमान में प्लिंथ निर्माण का काम जारी है। मंदिर के प्रथम तल पर बाबा खाटू श्याम का गर्भगृह बनाया जाएगा। वहीं, ग्राउंड फ्लोर पर सत्संग और धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन की व्यवस्था होगी।

मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 20 फीट चौड़ी सीढ़ी बनाई जाएगी। इसके अलावा दोनों तरफ भी सीढ़ियों की व्यवस्था होगी। मंदिर के उत्तरी भाग में पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालय एवं स्नानागार बनाए जाएंगे। दक्षिणी भाग में कार्यालय कक्ष, भंडारगृह और अतिथिगृह का निर्माण कराया जाएगा।

अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि मंदिर में प्रतिदिन सुबह और शाम आरती की जाती है तथा बाबा को भोग लगाया जाता है। प्रत्येक महीने की एकादशी को विशेष उत्सव मनाया जाता है और श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाता है।

उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक सेवा को भी बढ़ावा देना है। भविष्य में ट्रस्ट की ओर से गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने और मेधावी विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति कार्यक्रम शुरू करने की योजना है, ताकि जरूरतमंद परिवारों को सहायता मिल सके और विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त हो।

अध्यक्ष ने बताया कि उन्हें धार्मिक कार्यों और मंदिर निर्माण में लंबे समय से रुचि रही है। विकासनगर स्थित देवीस्थान मंदिर के निर्माण कार्य में भी उनका सहयोग रहा है। उक्त मंदिर में आगामी समय में प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम प्रस्तावित है।

ट्रस्ट की ओर से सभी श्रद्धालुओं से 28 अक्टूबर को शाम 5 बजे आयोजित भंडारा कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई है।

स्थान: खाटू श्याम मंदिर, वार्ड संख्या-23, विकासनगर, रामचंद्रपुर, बिहारशरीफ, नालंदा।

संपर्क: 9304777831, 9199082655, 8789042168।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *