एमएलसी चुनाव को लेकर भाजपा ने झोंकी ताकत, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कार्यकर्ताओं के साथ बनाई रणनीति
23 अक्टूबर को होने वाले पटना निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में प्रो. नवल किशोर यादव और नीरज कुमार के समर्थन में वोट देने की अपील; छात्र संगठनों के प्रदर्शन को लेकर विपक्ष पर साधा निशाना
बिहारशरीफ, नालंदा। पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 23 अक्टूबर को होने वाले एमएलसी चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार की देर संध्या बिहारशरीफ स्थित दुर्गा मैरेज हॉल में भाजपा नालंदा जिलाध्यक्ष राजेश कुमार की अध्यक्षता में एनडीए कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ भाजपा बिहार प्रदेश उपाध्यक्ष सह क्षेत्रीय प्रभारी बलराम मंडल भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने एनडीए कार्यकर्ताओं के साथ आगामी एमएलसी चुनाव को लेकर चर्चा की। उन्होंने पटना निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए समर्थित प्रत्याशियों प्रो. नवल किशोर यादव और नीरज कुमार के समर्थन में मतदाताओं से वोट देने की अपील की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव में पूरी सक्रियता के साथ जुटने और प्रत्याशियों के पक्ष में जनसंपर्क अभियान तेज करने का आह्वान किया।
छात्र संगठनों के प्रदर्शन पर विपक्ष को घेरा
पटना में छात्र संगठनों के विरोध प्रदर्शन को लेकर कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष भ्रम और झूठ का वातावरण तैयार कर संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने की कोशिश के जरिए देश में अराजकता का वातावरण पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है। विपक्ष के नेता युवाओं को भ्रमित करना चाहते हैं, लेकिन जनता उनकी मंशा को पहचान चुकी है।
कृषि मंत्री ने कांग्रेस और राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्षों तक सत्ता में रहने वाले इन दलों ने बिहार को कलंकित करने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब विपक्ष न्यायालय पर भी सवाल उठा रहा है और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) तथा केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) जैसी संस्थाओं को लेकर लगातार नकारात्मक माहौल बनाने में जुटा है।
उन्होंने आगे कहा कि देश की जनता ऐसी मानसिकता वाले लोगों को पहले भी सबक सिखा चुकी है। उनके अनुसार, विपक्ष अराजकता को बढ़ावा देने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष के लोग नायक बनने चले थे, लेकिन उन्हें खलनायक बनने लायक भी नहीं रहने दिया गया।
