कारगिल चौक पर फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले दो युवक गिरफ्तार, देसी कट्टा और दो गोलियां बरामद

0
WhatsApp Image 2026-10-18 at 5.48.38 AM

पुलिस ने पल्सर बाइक भी की जब्त, दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की तैयारी

नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के कारगिल चौक स्थित दुःखी होटल के समीप फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लहेरी थाना क्षेत्र के गगनदीवान निवासी देविदयाल कुमार (22 वर्ष) और बेन थाना क्षेत्र के लालमन बिगहा निवासी चंदन कुमार (18 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा, 315 बोर की दो जिंदा गोलियां और एक पल्सर 220 मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 की रात करीब 2:30 बजे दीपनगर थानाध्यक्ष को सूचना मिली कि कारगिल चौक स्थित दुःखी होटल के पास दो व्यक्तियों ने फायरिंग की है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ने वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी और पुलिस टीम के साथ मौके पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान दुःखी होटल के समीप संदेह के आधार पर दोनों युवकों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान देविदयाल कुमार के पास से एक देसी कट्टा और 315 बोर की दो जिंदा गोलियां बरामद की गईं। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से हथियार से फायरिंग करने की बात बताई।
इस मामले में दीपनगर थाना कांड संख्या 589/26, दिनांक 17 अक्टूबर 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की जांच में जुटी है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
छापेमारी दल में ये रहे शामिल
छापेमारी दल में दीपनगर थानाध्यक्ष पुलिस निरीक्षक सुमन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रामनारायण हरिजन, सिपाही कालिका ठाकुर, वरुण कुमार, नीतीश कुमार और गृह रक्षक विपिन कुमार शामिल थे। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद क्षेत्र में स्थिति सामान्य है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *